Petrol-Diesel Rate Today, 02 November 2022: देश में पिछले पांच महीनों में पेट्रोल और डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन अब आपको जल्द ही बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। देश में ईंधन का दाम 2 रुपये प्रति लीटर तक सस्ता हो सकता है। जल्द ही ग्राहकों को राहत मिल सकती है क्योंकि अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल के साथ-साथ प्रोडक्ट दरों में गिरावट ने रिटेल विक्रेताओं के मार्जिन को पेट्रोल पर 6 रुपये प्रति लीटर पॉजिटिव बना दिया है और उम्मीद है कि जल्द ही डीजल पर 10 रुपये की अंडर-रिकवरी भी कम हो जाएगी।
Petrol-Diesel Rate Today: जल्द ही दो रुपये सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल!
तेल कंपनियों को 19,000 करोड़ रुपये का घाटा
इसकी जानकारी रखने वाले लोगों ने टीओआई को बताया कि अगर तेल और रुपये अपने मौजूदा स्तर को बने रहते हैं, तो उपभोक्ताओं को जल्द ही पेट्रोल, डीजल की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर तक की कमी देखने को मिल सकती है। ब्रोकरेज के अनुसार, मई के अंत में घोषित उत्पाद शुल्क में कटौती की वजह से रिटेल विक्रेताओं को अप्रैल से जून तिमाही के दौरान पेट्रोल पर 10 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 14 रुपये प्रित लीटर का नुकसान हुआ था। उस तिमाही के दौरान इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की ओर से कुल 19,000 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया गया था।
उल्लेखनीय है कि तेल विपणन कंपनियों ने सोमवार रात डीलरों को ईंधन की कीमत में कटौती के बारे में सूचित किया था, मंगलवार की सुबह यह फैसला उलट दिया गया और कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ। अब यह देखना होगा कि कटौती धीरे-धीरे होगी या एक ही बार में ईंधन दो रुपये तक सस्ता हो जाएगा। हालांकि तेल बाजार अभी भी अस्थिर बना हुआ है, लेकिन यह अब भी यूक्रेन संकट के शुरुआती दिनों की तुलना में बहुत कम स्तर पर है।
इतनी है पेट्रोल - डीजल की कीमत
फिलहाल राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल 96.72 रुपये प्रति लीटर पर बेचा जा रहा है, जबकि डीजल 89.62 रुपये प्रति लीटर पर बेचा जा रहा है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 106.31 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 94.27 रुपये प्रति लीटर है। चेन्नई में एक लीटर पेट्रोल 102.63 रुपये और एक लीटर डीजल 94.24 रुपये का है। बेंगलुरु में पेट्रोल की कीमत 101.94 रुपये और डीजल की कीमत 87.89 रुपये है।
