Why Nifty Bank Rising : भारतीय शेयर बाजार में बैंकिंग शेयरों ने शुक्रवार, 20 नवंबर को इतिहास रच दिया। Nifty Bank पहली बार 64,000 के पार निकल गया। कारोबार के दौरान इंडेक्स ने 64,485.90 का नया ऑल टाइम हाई बनाया।
भारतीय बाजार को लीड कर रहा बैंकिंग सेक्टर
इस तेजी की अगुवाई IndusInd Bank ने की, जिसका शेयर 8% उछलकर 1,001.00 रुपये तक पहुंच गया। इसके अलावा Axis Bank में 3.91%, Union Bank में 3.90%, HDFC Bank में 2.39% और Federal Bank में 2.02% की तेजी रही। इंडेक्स के 14 में से 12 शेयर हरे निशान में थे।
आखिर बैंकिंग शेयरों में इतनी खरीदारी क्यों हो रही है? इसके पीछे बेहतर वित्तीय नतीजे, रुपये में मजबूती, बॉन्ड यील्ड में नरमी, विदेशी निवेशकों की वापसी और आकर्षक वैल्यूएशन जैसे कई फैक्टर हैं।
रुपये में मजबूती और बॉन्ड यील्ड में नरमी
बैंकिंग शेयरों के लिए शुक्रवार को मैक्रो संकेत भी बेहतर रहे। डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत हुआ। USD/INR 0.49% गिरकर 92.8425 पर आ गया। वहीं, भारत की 5 साल की बॉन्ड यील्ड 5 बेसिस पॉइंट घटकर 7.10% पर आ गई।
बॉन्ड यील्ड में नरमी से बैंकों के मौजूदा बॉन्ड पोर्टफोलियो को फायदा हो सकता है। साथ ही, रुपये की मजबूती और विदेशी निवेशकों की बढ़ती खरीदारी से भारतीय बाजार में भरोसा लौट रहा है। नवंबर में विदेशी निवेशकों की खरीदारी ने भी बैंकिंग शेयरों को सपोर्ट दिया है।
अच्छे नतीजे और बढ़ती लोन ग्रोथ ने बढ़ाया भरोसा
बैंकिंग शेयरों में तेजी की एक बड़ी वजह दूसरी तिमाही के मजबूत नतीजे हैं। ज्यादातर बैंकों ने बेहतर लोन ग्रोथ, स्थिर मार्जिन और एसेट क्वालिटी में सुधार दिखाया है। कई बड़े बैंकों के ग्रॉस और नेट NPA कई वर्षों के निचले स्तर के करीब हैं। इसके अलावा FCNR(B) डिपॉजिट जुटाने की मुहिम से बैंकिंग सिस्टम में लिक्विडिटी बेहतर हुई है। इससे बैंकों की लोन बांटने की क्षमता को सपोर्ट मिलने की उम्मीद है।
क्या है बैंकिंग सेक्टर की सबसे बड़ी ताकत?
भारतीय बैंकिंग सेक्टर की सबसे बड़ी ताकत उसकी क्रेडिट ग्रोथ है। RBI के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक भारत में नॉन-फूड बैंक क्रेडिट सालाना आधार पर 19.1% बढ़ा। इसकी तुलना में अमेरिका में FDIC के ताजा उपलब्ध Q2 2026 आंकड़ों के मुताबिक बैंक लोन ग्रोथ 6.8% रही।
चीन में सितंबर के अंत तक युआन लोन की ग्रोथ केवल 4.8% थी। Deutsche Bank की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया में भी भारत सबसे आगे है। सितंबर तक सिंगापुर की क्रेडिट ग्रोथ करीब 16%, ताइवान की 10.5%, दक्षिण कोरिया की 6% और जापान की 5.2% थी। चीन में यह 4.8% रही।
कमाई में भी अव्वल भारत के बैंक
कमाई के अनुमान भी भारत के पक्ष में हैं। Deutsche Bank के मुताबिक, 2027 में भारतीय बैंकों की अनुमानित EPS ग्रोथ 16.3% है। जापान में 13.1%, दक्षिण कोरिया में 8.7%, सिंगापुर में 8.3% और चीन में सिर्फ 4.9% रहने का अनुमान है।
ललचाने वाला वैल्यूएशन?
Nifty Bank का P/E फिलहाल 13.94 है, जो पिछले 5 साल के औसत 15.75 से करीब 11.5% कम है। यानी हालिया तेजी के बावजूद ऐतिहासिक वैल्यूएशन के लिहाज से इंडेक्स महंगा नहीं दिख रहा। इस तरह भारतीय बैंकिंग सेक्टर के पक्ष में तीन बड़े फैक्टर हैं। पहला, मजबूत लोन ग्रोथ। दूसरा, बेहतर कमाई की संभावना और तीसरा ऐतिहासिक औसत से कम वैल्यूएशन।
