MCX Gold-Silver Price: ईरान संकट गहराने का असर आज सोने और चांदी की कीमत पर दिखाई दे रही है। वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट आई है। सोने की कीमतों में सोमवार को कमजोर हाजिर मांग के कारण 1,310 रुपये गिरकर 1,53,299 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। वहीं, चांदी का वायदा भाव 5,175 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 2,51,967 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। विश्लेषकों के मुताबिक, निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली और अपने सौदे घटाने से चांदी की कीमतों में गिरावट आई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, न्यूयॉर्क में चांदी 1.54 प्रतिशत गिरकर 79.64 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
सोने का भाव, चांदी का रेट
इस कारण सस्ता हुआ सोना
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर जून की आपूर्ति वाले सोने का अनुबंध 1,310 रुपये यानी 0.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,53,299 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान कुल 1,119 लॉट का कारोबार हुआ। विश्लेषकों के मुताबिक, वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों का असर घरेलू कीमतों पर पड़ा है। हाजिर बाजार में मांग में नरमी भी गिरावट की प्रमुख वजह रही। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, न्यूयॉर्क में सोने का वायदा भाव 0.87 प्रतिशत गिरकर 4,788.31 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
सोना-चांदी अनुपात 60 से नीचे गिरा
इस साल अब तक, कीमती धातुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव के चलते सोने-चांदी के अनुपात में भारी अस्थिरता देखने को मिली है। सोमवार को, यह अनुपात 60 के अहम स्तर से नीचे गिर गया और एक महीने के निचले स्तर के करीब पहुंच गया। साल की शुरुआत में, जनवरी के आखिर में जब चांदी की कीमतों में तेज़ी आई, तो यह अनुपात 44 से नीचे गिर गया था। हालांकि, चांदी की कीमतों में बाद में हुई गिरावट के चलते फरवरी में यह अनुपात 70 से ऊपर पहुंच गया। मार्च में, यह 60 के स्तर से ऊपर, काफी हद तक स्थिर बना रहा। अप्रैल में सोने और चांदी, दोनों की कीमतों में गिरावट आने से यह अनुपात एक बार फिर 60 से नीचे गिर गया है।
सोने-चांदी के अनुपात में 60 से नीचे आई गिरावट यह दिखाती है कि सोने के मुकाबले चांदी में ज्यादा मजबूत तेज़ी आई है। 60 के आस-पास का अनुपात यह बताता है कि जहां सोना लगातार ऊपर जा रहा है, वहीं वह चांदी के मुकाबले धीमी गति से बढ़ रहा है।
