LIC employees Salary Increased: भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। सरकार ने होली से पहले कर्मचारियों को तोहफा दिया है। सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की जीवन बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के 1.10 लाख से अधिक कर्मचारियों के वेतन में 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। एलआईसी के कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी पर यह मंजूरी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों के लिए इसी तरह की बढ़ोतरी को मंजूरी देने के कुछ दिनों बाद आई है।
अगस्त, 2022 से होगा प्रभावी
देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी ने कहा कि एलआईसी कर्मचारियों के लिए वेतन वृद्धि का यह फैसला एक अगस्त, 2022 से प्रभावी है। इसके साथ एलआईसी में एक अप्रैल, 2010 के बाद शामिल हुए लगभग 24,000 कर्मचारियों का एनपीएस योगदान 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत कर दिया गया है। एलआईसी के 30,000 से अधिक पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों को एकमुश्त अनुग्रह भुगतान भी किया गया है। इस सप्ताह की शुरुआत में सरकार ने एक नवंबर, 2022 से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों के लिए 17 प्रतिशत वेतन वृद्धि पर सहमति जताई थी।
जनवरी में केंद्र सरकार के कर्मचारियों का डीए भी बढ़ा
इस महीने की शुरुआत में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 1 जनवरी, 2024 से केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत (डीआर) में बढ़ोतरी की घोषणा की थी। बढ़ती कीमतों के प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से मूल वेतन और पेंशन के मौजूदा 46 प्रतिशत से 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
