Karwa Chauth 2023: कारोबारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) का अनुमान है कि इस साल 1 नवंबर को करवा चौथ (Karwa Chauth) त्योहार पर 15,000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद है।
करवा चौथ लाएगा बाजारों में रौनक
त्योहार से पहले अकेले दिल्ली से करीब 1,500 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। सीएआईटी प्रमुख बी सी भरतिया और महासचिव प्रवीण खंडेलवाल का मानना है कि करवा चौथ के मौके पर ज्वैलरी, कपड़े, मेकअप का सामान, साड़ी, पूजा कैलेंडर और पूजा सामग्री जिसमें करवा (मिट्टी का बर्तन), छलनी, दीपक, फूल की छड़ें और अन्य पूजा से संबंधित सभी चीजें शामिल हैं, की बिक्री होगी।
इन चीजों की भी होती है बिक्री
सीएआईटी के अनुसार कुछ महिलाएं कहानियों की किताबें और मिट्टी के दीये भी खरीदती हैं। इसके अलावा लाल कांच की चूड़ियां, पायल, लॉकेट और चूड़ियां समेत कई तरह की करवा थाली की खरीदारी की जाती है। इस बार चांदी से बने करवा भी बाजार में बिकने के लिए उपलब्ध हैं और उनकी मांग अधिक रहने की उम्मीद है।
दुकानदार भी हैं तैयार
करवा चौथ से पहले ही देश भर के बाजारों में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस बीच दुकानदारों ने बड़े पैमाने पर तैयारी कर ली है और बाजार सज गए हैं।
और क्या खरीदती हैं महिलाएं
करवा चौथ के लिए महिलाएं घी, गंगा जल, चावल, मिठाई, लाल महावर, कंघी, बिंदी, चूड़ियाँ और मेहंदी भी खरीदती हैं। सीएआईटी ने इस साल शादी के सीज़न से पहले भी तगड़े बिजनेस का अनुमान लगाया है। इसका मानना है कि 23 नवंबर से 15 दिसंबर तक शादी के सीजन में 4.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है और इस अवधि के दौरान लगभग 35 लाख शादियां होने की संभावना है।
