JIO IPO Reliance AGM: रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरधारकों का लंबे समय से इंतजार अब खत्म होने वाला है। कंपनी ने साफ कर दिया है कि उसकी सबसे अहम सब्सिडियरी जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ अगले साल यानी 2026 की पहली छमाही में आ जाएगा। यह जानकारी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) की 48वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने दी।
JIO IPO RIL AGM
अंबानी ने कहा कि जियो अपने आईपीओ की तैयारी कर रहा है और लक्ष्य है कि इसे 2026 की पहली छमाही तक सूचीबद्ध किया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जियो न केवल भारतीय बल्कि वैश्विक स्तर पर भी निवेशकों के लिए शानदार वैल्यू बनाएगा। मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, जियो के आईपीओ से कंपनी की वैल्यूएशन 12-13 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है, जिससे यह पिछले एक दशक का सबसे बड़ा आईपीओ होगा।
50 करोड़ ग्राहक और तेज 5जी रोलआउट
रिलायंस जियो ने आज एक नया कीर्तिमान भी रचा है। कंपनी के ग्राहकों की संख्या 50 करोड़ के पार हो गई है। साथ ही, देश में सबसे तेज 5जी रोलआउट करने के बाद जियो ट्रू 5जी के यूजर्स की संख्या भी 22 करोड़ से ज्यादा हो चुकी है। जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी ने बताया कि कंपनी जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपने ऑपरेशंस शुरू करेगी।
जियो की उपलब्धियां
मुकेश अंबानी ने जियो की यात्रा को भारतीय डिजिटल क्रांति का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि जियो ने भारत में डेटा सस्ता किया, वॉयस कॉल्स मुफ्त कीं, डिजिटल पेमेंट्स को आसान बनाया और आधार, यूपीआई और जन धन जैसे बड़े प्लेटफॉर्म्स को नई ताकत दी। यही वजह है कि जियो को “लाइफ-चेंजिंग” कंपनी कहा जाता है।
निवेशकों के लिए बड़ा मौका
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि जियो का आईपीओ रिटेल निवेशकों के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगा। पहले से ही ब्रोकरेज हाउस मानते हैं कि जियो और रिलायंस रिटेल की लिस्टिंग से RIL के शेयरधारकों को अतिरिक्त वैल्यू मिलेगी।
