जापान के MUFG बैंक ने श्रीराम फाइनेंस के साथ की 39618 करोड़ रुपये की डील, रॉकेट बना शेयर

जापान के सबसे बड़े बैंकों में शामिल MUFG ने भारतीय NBFC श्रीराम फाइनेंस में 20 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने का फैसला किया है। यह डील करीब 39,618 करोड़ रुपये में हुई है। इस डील की वजह से भारत के पूरे NBFC सेक्टर के वैल्यूएशन और रेटिंग्स पर असर देखने को मिल सकता है। डील की खबर का निवेशकों ने उत्साह के साथ स्वागत किया है। रेटिंग अपग्रेड की उम्मीद के चलते शेयर में 5% की तेजी देखने को मिली है।

Shriram Finance-MUFG Deal: जापानी बैंक और वित्तीय सेवा कंपनी Mitsubishi UFJ Financial Group (MUFG) ने भारत के NBFC सेक्टर में अब तक की सबसे बड़ी विदेशी डील की है। MUFG Bank की तरफ से Shriram Finance में 39,618 करोड़ रुपये का निवेश कर 20% हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया गया है। यह निवेश प्रेफरेंशियल इक्विटी इश्यू के जरिए किया जाएगा, जिसमें प्रति शेयर कीमत 843 रुपये तय की गई है। कंपनी की तरफ से एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक, यह सौदा पूरी तरह डायल्यूटेड बेसिस पर होगा और इसके बाद MUFG, Shriram Finance का एक बड़ा रणनीतिक भागीदार बन जाएगा।

MUFG Shri Ram

जापानी बैंक श्रीराम फाइनेंस में करेगा निवेश। (फोटो क्रेडिट, ET NOW)

बोर्ड में एंट्री और स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप

डील के तहत MUFG Bank को श्रीराम फाइनेंस के बोर्ड में दो डायरेक्टर नॉमिनेट करने का हक मिलेगा। इसके अलावा MUFG की तरफ से श्रीराम ऑनरशिप ट्रस्ट को को 20 करोड़ डॉलर की नॉन-कम्पीट फीस भी चुकाई जाएगी। इस तरह कुल मिलाकर यह डील 682.3 बिलियन येन यानी करीब 39618 करोड़ रुपये की है। ET Now की रिपोर्ट के मुताबिक MUFG की तरफ से यह भारत में अब तक की सबसे बड़ी इन्वेस्टमेंट डील है। हालांकि, यह माइनॉरिटी इन्वेस्टमेंट शेयरहोल्डर्स की मंजूरी, रेगुलेटरी क्लियरेंस और अन्य जरूरी शर्तों के पूरा होने के बाद ही फाइनल होगी।

End of Feed