RBI rs 500 note: सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर तेजी से वायरल हो रहे एक मैसेज में दावा किया जा रहा है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) मार्च 2026 तक 500 रुपये के नोट बंद करने जा रहा है। लेकिन PIB Fact Check ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी करार दिया है। आरबीआई ने ऐसा कोई निर्देश जारी नहीं किया है। चलिए जानते हैं पूरा मामला।
PIB ने स्पष्ट कर दिया है कि RBI ने 500 रुपये के नोटों को बंद करने का कोई फैसला नहीं लिया है। (image-istock)
क्या है वायरल मैसेज ?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापक रूप से शेयर किए गए इस मैसेज में झूठा दावा किया गया था: वायरल मैसेज में लिखा था "RBI ने सभी बैंकों से 30 सितंबर 2025 तक एटीएम से 500 रुपये के नोट निकालना बंद करने को कहा है। टारगेट 75% एटीएम से और 31 मार्च 2026 तक 90% एटीएम निकालने का है... एटीएम केवल 200 और 100 रुपये के नोट ही निकालेंगे। इसलिए, अपने पास मौजूद 500 रुपये के नोटों को बदलना शुरू कर दें।" इस भ्रामक मैसेज से जनता में दहशत फैल गई और कई लोग अपने 500 रुपये के नोट बदलने के लिए दौड़ पड़े।
PIB Fact Check ने क्या बताया?
वायरल दावों के जवाब में पीआईबी फैक्ट चेक टीम ने एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट किया है। PIB Fact Check ने साफ किया कि RBI ने 500 रुपये के नोटों को बंद करने या एटीएम से इन्हें हटाने के लिए कोई निर्देश नहीं दिया है। 500 रुपये के नोट वैध मुद्रा (Legal Tender) बने रहेंगे और ऐसे भ्रामक मैसेज पर विश्वास न करें।
अफवाह की असली वजह क्या हो सकती है?
दरअसल, अप्रैल 2025 में RBI ने बैंकों और व्हाइट लेबल एटीएम ऑपरेटरों को यह सलाह दी थी कि वे एटीएम में छोटे नोटों (100 और 200 रुपये) की उपलब्धता बढ़ाएं। लेकिन इस निर्देश में 500 रुपये के नोट को लेकर कोई बात नहीं कही गई थी।
जनता के लिए जरूरी सलाह
- 500 रुपये के नोट पूरी तरह वैध हैं।
- अपने नोट बदलवाने या "लिक्विडेट" करने की कोई जरूरत नहीं है।
- किसी भी वित्तीय खबर को जांचे बिना सोशल मीडिया पर शेयर न करें।
- हमेशा RBI की वेबसाइट या PIB Fact Check जैसे आधिकारिक सोर्स से ही जानकारी की पुष्टि करें।
