Forex Reserve: देश के खजाने से जुड़ी एक बुरी खबर आई है। 1 अगस्त को खत्म हुए हफ्ते में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार (फॉरेक्स रिज़र्व) 9.32 अरब डॉलर (करीब ₹82,000 करोड़) घटकर 688.87 अरब डॉलर रह गया। यह मौजूदा साल की सबसे बड़ी गिरावट है और नवंबर 2024 के बाद का सबसे बड़ा झटका है। तब रिज़र्व में एक हफ्ते में 17 अरब डॉलर से ज्यादा की कमी आई थी।
Forex Reserve (Pic Credit: iStock)
न्यूज एजेंसी भाषा की रिपोर्ट में भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के मुताबिक, इस गिरावट में सबसे बड़ा हिस्सा विदेशी मुद्रा संपत्तियों (Foreign Currency Assets) का है, जो 7.31 अरब डॉलर घटकर 581.60 अरब डॉलर रह गईं। इसमें डॉलर के अलावा यूरो, पाउंड और येन जैसी मुद्राओं की कीमतों में बदलाव का असर भी शामिल है।
सोने का भंडार भी 1.70 अरब डॉलर घटकर 83.99 अरब डॉलर रह गया। इसके अलावा, विशेष आहरण अधिकार (SDR) 23.7 करोड़ डॉलर घटकर 18.57 अरब डॉलर और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में भारत का भंडार 5.9 करोड़ डॉलर घटकर 4.69 अरब डॉलर रह गया।
पाकिस्तान में भी गिरावट
पड़ोसी देश पाकिस्तान के फॉरेक्स रिज़र्व में भी गिरावट दर्ज हुई है। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के अनुसार, 1 अगस्त को खत्म हुए हफ्ते में 7.2 करोड़ डॉलर की कमी आई, जिससे कुल विदेशी मुद्रा भंडार घटकर करीब 19.5 अरब डॉलर रह गया।
