क्रूड के दाम गिरते ही भारतीय करेंसी में आई तेजी, डॉलर के मुकाबले इतने पैसे हुआ मजबूत

भारतीय रुपये में आज अच्छी मजबूती है। ईरान संकट खत्म होने की उम्मीद और कच्चे तेल की कीमत में गिरावट से यह तेजी लौटी है।

अमेरिका और ईरान द्वारा लगातार दूसरे दिन भी फारस की खाड़ी में कोई सैन्य हमला न किए जाने के बाद कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। इसका असर आज भारतीय रुपये और शेयर बाजार में देखने को मिल रहा है। शेयर बाजार में अच्छी तेजी है। वहीं, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत हुआ है। बता दें कि रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 28 पैसे मजबूत होकर डॉलर के मुकाबले 96.25 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट और अमेरिका तथा ईरान की ओर से पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेत मिलने के बाद वैश्विक बाजारों में बने सकारात्मक रुख से रुपये को बल मिला।

Indian Rupee

रुपया मजबूत

डॉलर इंडेक्स भी कमजोर हुआ

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी डॉलर सूचकांक भी ऊंचे स्तर से नीचे आया, जबकि घरेलू शेयर बाजार में मजबूत लिवाली का रुख देखने को मिला, जिससे स्थानीय मुद्रा को और मजबूती मिली। छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.04 पर आ गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.18 प्रति डॉलर पर खुला। हालांकि शुरुआती बढ़त का कुछ हिस्सा गंवाने के बाद यह 96.28 प्रति डॉलर पर कारोबार करता देखा गया। इसके बावजूद यह पिछले बंद भाव की तुलना में 28 पैसे की बढ़त में रहा। रुपया शुक्रवार को निचले स्तर से उबरते हुए अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे मजबूत होकर 96.53 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

End of Feed