IKEA small stores Plan: दुनिया की मशहूर फर्नीचर रिटेल कंपनी IKEA अब भारत में अपना विस्तार छोटे शहरों और कस्बों तक ले जाने की तैयारी में है। इसके लिए कंपनी अब पारंपरिक बड़े शोरूम की जगह छोटे, कॉम्पैक्ट स्टोर्स खोलने की योजना बना रही है, जो 10,000 वर्गफुट तक के हो सकते हैं। इस रणनीति का उद्देश्य है – भारत के अधिक ग्राहकों तक पहुंच बनाना और उनकी सुविधा के अनुसार सेवाएं देना।
अब छोटे शहरों की ओर रुख करेगा IKEA।
IKEA इंडिया की कंट्री एक्सपेंशन मैनेजर पूजा ग्रोवर के अनुसार, यह नया फॉर्मेट कंपनी के दूसरे विकास चरण का हिस्सा है। अभी IKEA के भारत में हैदराबाद, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों में बड़े स्टोर्स हैं। जल्द ही गुरुग्राम और नोएडा में भी नए आउटलेट खुलने की संभावना है। लेकिन छोटे स्टोर्स के ज़रिए कंपनी टियर-2 शहरों में भी अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है।
‘प्लान एंड ऑर्डर पॉइंट’ से मिलेगा पर्सनलाइज्ड एक्सपीरियंस
IKEA का पहला Plan & Order Point (PaOP) बेंगलुरु में लॉन्च किया गया है, जहां ग्राहक इंटीरियर डिजाइन कंसल्टेशन ले सकते हैं और अपने लिए व्यक्तिगत फर्नीचर प्लान बना सकते हैं। यह फॉर्मेट ग्राहकों को कमरे या पूरे घर के लिए डिज़ाइन चुनने और उसी स्थान से ऑर्डर देने की सुविधा देता है।
अगले दिन डिलीवरी मॉडल भी लॉन्च
IKEA अब ऑनलाइन बिक्री पर भी जोर दे रहा है। भारत में 90-95% ऑनलाइन ऑर्डर अगले दिन डिलीवर हो जाते हैं। इस मॉडल की सफलता के बाद, कंपनी अब जापान और साउथ कोरिया में भी यह सेवा शुरू करने जा रही है। इससे पहले, स्पेन में भी यह मॉडल लागू किया गया है। भारत में कंपनी का ई-कॉमर्स रेवेन्यू कुल राजस्व का 30% है और कंपनी ने गुरुग्राम में एक ई-कॉमर्स डेडिकेटेड फुलफिलमेंट सेंटर भी खोला है, जो एनसीआर, आगरा, चंडीगढ़ और अमृतसर जैसे शहरों को सेवाएं देगा।
IKEA इंडिया को वित्त वर्ष 2024 में ₹1,809 करोड़ की आमदनी हुई, लेकिन कंपनी को ₹1,299 करोड़ का घाटा हुआ। हालांकि, कंपनी को भरोसा है कि नए फॉर्मेट्स और डिजिटल चैनलों से लाभ बढ़ेगा।
