Father Land Home Loan : अपने खुद के आशियाने का सपना हर कोई देखता है। कई बार लोगों के पास पुश्तैनी या पिता के नाम पर जमीन होती है, जिस पर वे घर बनाना चाहते हैं। अगर आप नौकरीपेशा (Salaried) हैं, तो आपको लग सकता है कि होम लोन लेना बेहद आसान है। लेकिन, जब जमीन आपके रिटायर हो चुके पिता के नाम पर होती है, तो लोन मिलने की प्रक्रिया थोड़ी जटिल हो सकती है। हाल ही में फिनटेक कंपनी 'बैंकबाजार' के सीईओ आदिल शेट्टी ने इस बारे में अहम जानकारियां शेयर की हैं। आइए इसे समझते हैं कि ऐसी स्थिति में होम लोन कैसे लिया जा सकता है और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
क्या आप अपने पिता की जमीन पर घर बनाने की योजना बना रहे हैं? जानें होम लोन कैसे लें
पिता के नाम पर जमीन होने से क्यों आती है दिक्कत?
मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक बैंकबाजार के सीईओ अधिल शेट्टी के मुताबिक, एक नौकरीपेशा व्यक्ति की सैलरी अच्छी होने के बावजूद केवल आय के आधार पर लोन तय नहीं होता। सबसे बड़ा चैलेंज प्रॉपर्टी के मालिकाना हक को लेकर होता है। चूंकि जमीन पिता के नाम पर है, इसलिए बैंक लोन के एवज में उसी जमीन को गिरवी रखना चाहेगा। इसके लिए यह जरूरी हो जाता है कि पिता को भी इस लोन समझौते में co-applicant या co-borrower (सह-आवेदक) के रूप में शामिल किया जाए। इसके अलावा, पिता की उम्र अधिक होने के कारण लोन की अवधि भी सीमित हो सकती है, क्योंकि बैंकों का नियम होता है कि लोन की मियाद रिटायरमेंट की उम्र तक ही पूरी होनी चाहिए।
लोन अप्रूवल को आसान बनाने के तरीके
अगर आप इस कागजी पचड़े से बचना चाहते हैं, तो कुछ उपाय अपनाए जा सकते हैं:-
- ओनरशिप ट्रांसफर करना:- लोन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए कुछ परिवार पहले ही जमीन का मालिकाना हक बेटे या बेटी (आवेदक) के नाम पर ट्रांसफर कर देते हैं।
- लोन स्ट्रक्चर बदलना: आप इस सुविधा को 'लोन अगेंस्ट प्रॉपर्टी' के रूप में भी सेट कर सकते हैं, जहां पिता को मुख्य आवेदक (Primary Applicant) और बेटे को सह-आवेदकबनाया जा सकता है।
लोन के लिए जरूरी दस्तावेज
लोन पास करवाने के लिए बैंक कई तरह के कानूनी और वित्तीय दस्तावेजों की मांग करते हैं, जिन्हें आपको तैयार रखना होगा:-
- जमीन से जुड़े कागजात:- पिता का टाइटल या सेल डीफ, एनकम्ब्रेन्स सर्टिफिकेट, म्यूटेशन रिकॉर्ड, भूमि रिकॉर्ड (जैसे खतियान आदि) और प्रॉपर्टी टैक्स की रसीदें।
- उत्तराधिकार के दस्तावेज:- अगर जमीन पिता को विरासत में मिली है, तो पिछले मालिक का मृत्यु प्रमाण पत्र, लीगल हेयर सर्टिफिकेट और उत्तराधिकार की पूरी चेन दिखाने वाले दस्तावेज।
- निर्माण से जुड़े कागजात:- नगर निगम (Municipal Corporation) से अप्रूव्ड बिल्डिंग प्लान और निर्माण का अनुमानित खर्च (Construction Estimate)।
- आवेदक के दस्तावेज:- बेटे (आवेदक) का इनकम प्रूफ, बैंक स्टेटमेंट और चल रहे अन्य लोन (EMIs) का डिटेल।
लोन मंजूरी के लिए ये 3 शर्तें हैं सबसे अहम
किसी भी बैंक से कंस्ट्रक्शन लोन पास कराने के लिए मुख्य रूप से तीन बातों पर गौर किया जाता है:-
- स्पष्ट मालिकाना हक :- जमीन का टाइटल बिल्कुल साफ होना चाहिए। सेल डीफ और एनकम्ब्रेन्स सर्टिफिकेट से यह साबित होना चाहिए कि प्रॉपर्टी पर किसी तरह का कोई विवाद या कानूनी पेंच नहीं है।
- मंजूरशुदा नक्शा:- घर बनाने के लिए बिल्डिंग प्लान स्थानीय निकाय से अप्रूव होना जरूरी है, क्योंकि बैंक कंस्ट्रक्शन के दौरान पैसे एकमुश्त न देकर चरणों (Stages) में जारी करते हैं।
- आवेदक और सह-आवेदक की स्थिति:- बैंक आपकी पुरानी ईएमआई, रीपेमेंट हिस्ट्री और इस बात की जांच करता है कि जमीन का मालिक लोन प्रक्रिया में विधिवत रूप से शामिल है या नहीं।
अगर आप इन सभी कानूनी और कागजी प्रक्रियाओं को सही तरीके से पूरा कर लेते हैं, तो पिता की जमीन पर घर बनाने के लिए होम लोन पाना आपके लिए बेहद आसान हो जाएगा।
