GST 2.0 लागू: आज यानि 22 सितंबर नवरात्रि के पहले दिन से फेस्टिव सीजन की शुरुआत काफी अच्छी होने वाली है। ऐसा इसलिए क्योंकि आज से आम जनता को बढ़ती महंगाई से बड़ी राहत मिल रही है। आज से लोगों के घरों में इस्तेमाल की जाने वाली किचन से लेकर बाथरूम और रोजमर्रा सामानों की कीमतें कम होने वाली है। ऐसा इसलिए क्योंकि आज से पुरे देश में GST 2।0 लागू हो रहा है, जिसका असर आम आदमी से लेकर कारोबारियों सब पर पड़ेगा। GST 2।0 लागू होने और रेट कट के चलते कई दिग्गज कंपनियों ने अपने सामानों के रेट काफी कम कर दिए हैं। पतंजलि से लेकर HUL तक ने पनीर-घी, बटर से लेकर शैंपू और साबुन समेत कई प्रोडक्ट्स की कीमतें घटा दी हैं। ऐसे में आइए आपको डिटेल में बताते हैं कि आपका पहले 780 रुपए में मिलने वाला पतंजलि घी और अन्य सामान अब कितने सस्ते हो गए हैं।
अब कितने सस्ते हो गए पतंजलि के प्रोडक्ट्स?
पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने सोमवार से सोयाबीन बड़ी सहित विभिन्न उत्पादों की अधिकतम खुदरा कीमतों (एमआरपी) में कमी की है। कंपनी ने जीएसटी कटौती का लाभ उपभोक्ताओं को देने के तहत यह कदम उठाया। पतंजलि फूड्स ने रविवार को एक बयान में जीएसटी युक्तिकरण के अनुरूप अपने उत्पाद पोर्टफोलियो के एमआरपी को कम करने की जानकारी दी।
बयान में कहा गया कि संशोधित कीमतें खाद्य और गैर-खाद्य श्रेणियों की पूरी श्रृंखला पर लागू होंगी। पतंजलि फूड्स ने सोयाबीन बड़ी की कीमतें भी घटाई हैं। न्यूट्रेला चंक्स, मिनी चंक्स और ग्रैन्यूल्स (एक किलो पैक) सोमवार से 190 रुपये में बिकेंगे, जो अभी 210 रुपये में मिलते हैं। इसके अलावा 200 ग्राम वाले पैक में तीन रुपये की छूट मिलेगी।
बिस्कुट से लेकर नूडल्स तक हुए सस्ते
बिस्कुट और कुकीज श्रेणी में दूध बिस्कुट (35 ग्राम) की एमआरपी पांच रुपये से घटाकर 4.5 रुपये कर दी गई है। नूडल्स में पतंजलि ट्विस्टी टेस्टी नूडल्स (50 ग्राम) अब 10 रुपये की जगह 9.35 रुपये में बेचा जाएगा। पतंजलि फूड्स ने दांतों और बालों की देखभाल के उत्पादों की दरें भी कम कर दी हैं। दंत कांति नेचुरल टूथपेस्ट 200 ग्राम की एमआरपी 120 रुपये से घटाकर 106 रुपये कर दी गई है। केश कांति आंवला हेयर ऑयल (100 मिली) की खुदरा कीमत सोमवार से 48 रुपये से घटकर 42 रुपये हो जाएगी।
कितनी है अब पतंजलि घी की कीमत
इसी प्रकार, स्वास्थ्य एवं आरोग्य उत्पादों में आंवला जूस (एक लीटर) सोमवार से 140 रुपये में बेचा जाएगा, जबकि वर्तमान में इसकी कीमत 150 रुपये है।सोमवार से स्पेशल च्यवनप्राश के एक किलोग्राम पैक की कीमत 337 रुपये होगी, जो अभी 360 रुपये है। डेयरी उत्पादों में पतंजलि ने गाय के घी (900 मिली) की कीमत 780 रुपये से घटाकर 732 रुपये कर दी है।HUL ने कितना सस्ता किया सामान
रोजमर्रा की जरूरतों का सामान (एफएमसीजी) बनाने वाली प्रमुख कंपनियों ने जीएसटी कटौती का लाभ उपभोक्ताओं को देने के लिए अपने उत्पादों की कीमतों में कटौती की है। ऐसे में सोमवार से साबुन, पाउडर, कॉफी, डायपर, बिस्कुट, घी और तेल जैसी दैनिक जरूरत की वस्तुएं सस्ती हो जाएंगी। इस कदम से आगामी त्योहारी सत्र, जो नवरात्रि के साथ शुरू होता है, के दौरान खपत में वृद्धि और बिक्री में उछाल आने की उम्मीद है।एफएमसीजी कंपनियों ने जीएसटी 2.0 के लाभों को बिना किसी देरी के उपभोक्ताओं तक पहुंचाया है। इन कंपनियों ने 22 सितंबर से साबुन, शैम्पू, बेबी डायपर, मंजन, रेजर और आफ्टर-शेव लोशन सहित अपने उत्पादों की अधिकतम खुदरा मूल्य की संशोधित सूची जारी की है। इसका मकसद उपभोक्ताओं को माल एवं सेवा कर (जीएसटी) दर में कटौती का लाभ देना है।
P&G, इमामी ने क्या-क्या किया सस्ता?
प्रॉक्टर एंड गैंबल, इमामी और एचयूएल जैसी कंपनियों ने नई मूल्य सूची जारी की हैं। इसके बारे में कंपनियों की वेबसाइट के माध्यम से उनके संबंधित वितरकों और उपभोक्ताओं को सूचित किया गया है। प्रॉक्टर एंड गैंबल ने अपने उत्पादों की एक संशोधित सूची जारी की है। इसमें उसने विक्स, हेड एंड शोल्डर्स, पैंटीन, पैम्पर्स (डायपर), जिलेट, ओल्ड स्पाइस और ओरल-बी आदि ब्रांड के उत्पादों की कीमतों में कमी की है।
पीएंडजी इंडिया ने बच्चों के देखभाल से जुड़े उत्पादों के दाम भी कम किए हैं। इन उत्पादों में डायपर पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटकर पांच प्रतिशत और बेबी वाइप्स पर जीएसटी 18 प्रतिशत से घटकर पांच प्रतिशत हो जाएगा। नई दरें 22 सितंबर, 2025 से प्रभावी होंगी। कंपनी जिलेट और ओल्ड स्पाइस की कीमतों में भी कमी करने जा रही है। इमामी बोरोप्लस एंटीसेप्टिक क्रीम, नवरत्न आयुर्वेदिक तेल और झंडू बाम आदि की कीमतें भी कम हो रही हैं।
साबुन, पाउडर, कॉफी, डायपर, बिस्कुट, घी, तेल सस्ते होंगे
एचयूएल ने भी जीएसटी सुधारों के बाद 22 सितंबर से डव शैम्पू, हॉर्लिक्स, किसान जैम, ब्रू कॉफी, लक्स और लाइफबॉय साबुन सहित अपने उपभोक्ता उत्पाद रेंज की कीमतों में कमी करने की घोषणा की है। जीएसटी परिषद ने इस महीने की शुरुआत में माल एवं सेवा कर के चार स्लैब की जगह दो स्लैब करने का फैसला किया है। अब कर की दरें पांच और 18 प्रतिशत होंगी जबकि विलासिता वस्तुओं पर 40 प्रतिशत की विशेष दर लागू होगी। सिगरेट, तंबाकू और अन्य संबंधित वस्तुओं को छोड़कर नई कर दरें 22 सितंबर से प्रभावी हो जाएंगी।
