Gold and Silver Rate Today, 14 October 2022: अप्रैल 2022 के उच्च स्तर की तुलना में भारत में 24 कैरेट सोने की कीमत काफी नीचे आ गई है। 14 अक्टूबर को दिल्ली में 10 ग्राम 24k सोने की कीमत 51,150 रुपये, मुंबई में 51,000 रुपये, चेन्नई में 51,650 रुपये और कोलकाता में 51,000 रुपये हो गई है। यह उच्च स्तर से 3,000 रुपये से भी ज्यादा सस्ता है। 18 अप्रैल को 24K गोल्ड उच्च स्तर यानी 54,380 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। शुक्रवार को वायदा बाजार में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिवीलरी के लिए सोना वायदा 28 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़कर 50,912 रुपये हो गया।
Gold and Silver Rate Today: 3,000 रुपये सस्ता मिल रहा है सोना
भारतीय ग्राहकों के लिए अच्छी खबर
भारतीय उपभोक्ताओं के लिए यह अच्छी खबर है क्योंकि देश में त्योहारी सीजन में गोल्ड की डिमांड बढ़ जाती है। अक्टूबर के दौरान दिवाली, दशहरा और करवा चौथ जैसे प्रमुख त्योहारों के मौके पर कीमती धातु ज्यादा खरीदी जाती है। भारत में पीली धातु की कीमत डॉलर के मुकाबले रुपये में उतार- चढ़ाव, अंतरराष्ट्रीय कीमत, मांग, स्थानीय टैक्स, आजि जैसे फैक्टर्स से प्रभावित होती है।
डॉलर के मुकाबले फिसला रुपया
शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया पांच पैसे फिसलकर 82.29 पर आ गया। जबकि गुरुवार को रुपया 82.24 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। आज अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर की तुलना में रुपया 82.26 के स्तर पर खुला था। डॉलर इंडेक्स की बात करें, तो छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 फीसदी नीचे 112.27 पर आ गया।
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, हाजिर बाजार में गुरुवार को उच्चतम शुद्धता वाला सोना 50,869 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिका, जबकि चांदी की कीमत 57,086 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इतना है दाम
ग्लोबल मार्केट में हाजिर सोना 0.3 फीसदी गिरकर 1,660.10 डॉलर प्रति औंस हो गया। जबकि अमेरिकी सोना वायदा 0.6 फीसदी गिरकर 1,666.80 डॉलर पर आ गया। हाजिर चांदी 0.3 फीसदी नीचे 18.81 डॉलर प्रति औंस, प्लैटिनम 0.5 फीसदी गिरकर 891.67 डॉलर और पैलेडियम 0.3 फीसदी की गिरावट के साथ 2,101.77 डॉलर पर बंद हुआ।
