Home Loan : घर खरीदना आपके जीवन का सबसे बड़ा वित्तीय कदम होता है और इसके लिए ज्यादातर लोग होम लोन लेते हैं। हालांकि यह प्रक्रिया रोमांचक हो सकती है, लेकिन लोन की ब्याज दर कैसे तय होती है, इसे समझना बेहद जरूरी है। यही वह जगह है जहां बेंचमार्क आपकी मदद करता है।
होम लोन के लिए बैंचमार्क समझना जरूरी
बेंचमार्क क्या होता है?
लोन बेंचमार्क एक संदर्भ दर (reference rate) होती है, जिसका इस्तेमाल बैंक यह तय करने के लिए करते हैं कि वे आपको कितनी ब्याज दर पर लोन देंगे। आपकी EMI सीधे इस दर से जुड़ी होती है और समय-समय पर यह बदल भी सकती है। इसलिए, यह जानना जरूरी है कि आपका लोन किस बेंचमार्क से जुड़ा है, ताकि आप अपने भुगतान की प्लानिंग बेहतर बना सकें।
आज के होम लोन और RBI का रेपो रेट
आजकल अधिकांश होम लोन RBI के रेपो रेट से जुड़े होते हैं। इसका मतलब है कि जब भी RBI रेपो रेट में बदलाव करता है, तो आपकी लोन की ब्याज दर भी बढ़ या घट सकती है। पहले बेंचमार्क कम पारदर्शी थे, लेकिन अब बाहरी बेंचमार्क के चलते ब्याज दरें ज्यादा डायनामिक और उधारकर्ताओं के लिए फेयर हो गई हैं।
ब्याज दर क्यों महत्वपूर्ण है?
होम लोन बड़ी रकम होते हैं और उनकी अवधि अक्सर 20-30 साल तक होती है। इसलिए ब्याज दर में थोड़ा सा बदलाव भी आपके वित्तीय बजट पर बड़ा असर डाल सकता है। उदाहरण के लिए, ₹50 लाख के लोन पर अगर ब्याज दर में सिर्फ 0.5% की बढ़ोतरी होती है, तो आपकी मासिक EMI करीब ₹750-₹800 तक बढ़ सकती है। यह मासिक रूप से कम लग सकता है, लेकिन पूरे लोन अवधि में यह ₹1.8 लाख तक अतिरिक्त भुगतान बन जाता है। इसी तरह, अगर ब्याज दर 0.5% घटती है, तो आप इतनी बचत कर सकते हैं या अपने लोन की अवधि कम कर सकते हैं।
बेंचमार्क और होम लोन पर इसका प्रभाव
होम लोन के बेंचमार्क समय के साथ बदलते रहे हैं। हर होम लोन एक बेंचमार्क ब्याज दर से जुड़ा होता है, जो न्यूनतम ब्याज दर बताता है। 2019 से पहले: अधिकांश लोन MCLR (Marginal Cost of Funds based Lending Rate) से जुड़े थे। 2016 से पहले: लोन बेस रेट से जुड़े थे। अब RBI के निर्देशों के तहत ज्यादातर बैंक अपने होम लोन को रेपो रेट से जोड़ चुके हैं। सही बेंचमार्क चुनना इसलिए भी जरूरी है ताकि आप ब्याज पर बचत कर सकें और जल्दी कर्ज मुक्त हो सकें।
रेपो रेट से जुड़ा होम लोन कैसे काम करता है?
रेपो रेट लिंक्ड होम लोन केवल बैंकों द्वारा ही दिया जाता है। इसकी खास बातें हैं:-
- स्प्रेड (Spread): यह बैंक द्वारा रेपो रेट पर लगाई जाने वाली अतिरिक्त ब्याज दर होती है। यह आपकी आय, क्रेडिट स्कोर, और अन्य कारकों पर निर्भर करती है। स्प्रेड लोन अवधि के दौरान स्थिर रहता है।
- रेपो रेट: यह RBI की मौद्रिक नीति के अनुसार तय होती है। जैसे अगर मई 2025 में रेपो रेट 6% है और आपका स्प्रेड 2% है, तो आपकी कुल ब्याज दर 8% होगी।
बेंचमार्क समझकर आप कैसे लाभान्वित हो सकते हैं?
ब्याज दरों में बदलाव पर नजर रख सकते हैं। EMI का बेहतर प्रबंधन कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर रिफाइनेंसिंग का सही समय समझ सकते हैं। वित्तीय निर्णय ज्यादा सूझ-बूझ से ले सकते हैं।
आज के दौर में ज्यादातर होम लोन रेपो रेट से जुड़े हैं। इसलिए यह जरूरी है कि आप अपने लोन के बेंचमार्क को समझें, ताकि आप ब्याज दरों में बदलाव से पहले से ही तैयार रह सकें और अपने वित्तीय बोझ को स्मार्ट तरीके से मैनेज कर सकें।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल बैंक बाजार डॉट कॉम के सीईओ आदिल शेट्टी ने लिखी है, यह सिर्फ जानकारी के लिए है, अगर आप लोन लेने जा रहे हैं तो एक्सपर्ट्स से संपर्क करें।)
