Go First To Start Operation From 24 th May: दिवालिया प्रॉसेस की मंजूरी मिलने के बाद Go First अब नए सिरे से ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी में हैं। एयरलाइन 24 मई से कुछ रूट पर उड़ान शुरू कर सकती है। इसके लिए कंपनी ने प्लान भी तैयार कर लिया है। अगर ऐसा होता है यह न केवल एविएशन इंडस्ट्री के लिए अच्छी खबर होगी, बल्कि Go First के 7000 कर्मचारियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। फिलहाल कंपनी ने 19 मई तक की सभी बुकिंग रद्द कर दी है।
गो फर्स्ट का रिवाइवल प्लान पर फोकस
ये है प्लान
इकोनॉमिक्स टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार कंपनी 24 मई से कुछ रूट पर फिर से उड़ान शुरु करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत कंपनी ने सरकार से भी दोबारा उड़ान शुरू करने के प्लान पर चर्चा की है। प्लान के तहत कंपनी दिल्ली और मुंबई से कुछ रुट पर उड़ान दोबारा शुरू करेगी।
कंपनी ने जब 2 मई को ऑपरेशन बंद किया था, उस वक्त उसके पास 27 विमान थे। कंपनी के पास दिल्ली से उड़ान भरने के लिए 51 और मुंबई से 37 स्लॉट थे। अब इन्ही के जरिए फिर से उड़ाने भरने की तैयारी है।
दिवालिया प्रोसेस को मिली मंजूरी
इसके पहले 10 मई को NCLT ने गो फर्स्ट को दिवालिया प्रक्रिया से गुजरने की मंजूरी दे दी थी। इस आदेश में NCLT ने यह भी कहा है कि Go First के कर्मचारियों की छंटनी नहीं होनी चाहिए। कंपनी में इस समय 7000 कर्मचारी हैं।गो फर्स्ट ने अपना वित्तीय संकट गहराने के बाद एनसीएलटी के पास स्वैच्छिक दिवाला समाधान प्रक्रिया शुरू करने की अर्जी लगाई थी। एनसीएलटी ने गो फर्स्ट के परिचालन के लिये अभिलाष लाल को अंतरिम समाधान पेशेवर नियुक्त किया। साथ ही कंपनी के निदेशक मंडल को सस्पेंड कर दिया गया है। एयर लाइन पर करीब 6521 करोड़ रुपये की देनदारियां हैं। एयरलाइन ने 19 मई तक अपनी सभी उड़ानों को कैंसिल कर दिया है।
