Adani Group के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा है कि समूह की संपत्तियों पर रिटर्न (ROA) वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़कर 16.5 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि अदाणी ग्रुप अब दुनिया के टॉप इंफ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी ढांचा) कंपनियों में शामिल हो गया है। ‘शांतिलाल अदाणी व्याख्यान श्रृंखला’ में गौतम अदाणी ने कहा कि यह सफलता अनुशासित विकास और समझदारी से किए गए निवेश की वजह से मिली है। शांतिलाल अदाणी, उद्योगपति गौतम अदाणी के पिता हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी की वृद्धि सिर्फ तेज नहीं, बल्कि लाभदायक भी है। हमारी संपत्तियां बेहतर रिटर्न दे रही हैं और पूंजी का इस्तेमाल सही दिशा में हो रहा है। अदाणी ने बताया कि ग्रुप का टैक्स से पहले का मुनाफा अनुपात 2.6 गुना रहा, जो मजबूत परफॉर्मेंस दिखाता है।
गौतम अदाणी (Gautam Adani 'X')
ग्रुप के पास कैश फ्लो की कमी नहीं
अदाणी ने कहा कि कंपनी का आंतरिक नकदी प्रवाह (कैश फ्लो) इतना मजबूत है कि वह अपनी 100 अरब डॉलर की पांच साल की निवेश योजना का बड़ा हिस्सा खुद ही फंड कर सकती है। इससे कंपनी को बाहरी कर्ज या बाजार पर ज्यादा निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ कमाई बढ़ाने की बात नहीं है, बल्कि इससे हमारे ऊपर बैंकों और निवेशकों का भरोसा भी बढ़ा है। इससे हमें बड़े और साहसिक कदम उठाने की ताकत मिलती है।”
पावर सेक्टर में 20% का लक्ष्य
अदाणी ने बताया कि भारत के पावर सेक्टर में 2032 तक 500 अरब डॉलर के अवसर हैं, और अदाणी ग्रुप का लक्ष्य है कि वह इस बाजार में कम से कम 20% हिस्सेदारी हासिल करे। उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी वित्तीय प्रबंधन को और मजबूत करने के लिए ‘फाइनेंस कंट्रोल टावर’ और ‘ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर’ जैसी नई पहलें शुरू कर रही है। यह वार्षिक ‘शांतिलाल अदाणी व्याख्यान श्रृंखला’ गौतम अदाणी के पिता शांतिलाल अदाणी की याद में आयोजित की जाती है। इस कार्यक्रम में ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ कंपनी की वित्तीय रणनीति, गवर्नेंस और नए इनोवेशन पर चर्चा करते हैं।
गूगल के साथ साझेदारी
अदानी एंटरप्राइजेज ने अपने संयुक्त उद्यम अदानीकॉनेक्स के माध्यम से, आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में भारत के सबसे बड़े एआई डेटा सेंटर परिसर के साथ-साथ नए हरित ऊर्जा बुनियादी ढांचे के विकास के लिए गूगल के साथ साझेदारी की है। कंपनी ने यह जानकारी दी है। विशाखापत्तनम में गूगल का एआई हब 5 वर्षों (2026-2030) में लगभग 15 अरब डॉलर के निवेश करेगा। इस परियोजना में गीगावाट-स्तरीय डेटा सेंटर संचालन, एक मजबूत समुद्र के नीचे केबल नेटवर्क और भारत में सबसे उन्नत एआई वर्कलोड का समर्थन करने के लिए स्वच्छ ऊर्जा बुनियादी ढांचा शामिल होगा। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि अदानीकॉनेक्स और एयरटेल इस परियोजना को साकार करने के लिए गूगल के साथ मिलकर काम करेंगे।
