महंगाई व वृद्धि की रफ्तार मंद होने की चिंता, वित्त मंत्री ने कहा- बड़े ध्यान से बनाना होगा अगला बजट

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 13, 2022, 04:36 PM IST

Budget: अगले साल फरवरी में पेश होने वाले भारत के बजट पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि इसे बहुत ही ध्यान से बनाना होगा।

नई दिल्ली। ऊंची महंगाई (Inflation) और वृद्धि की रफ्तार मंद पड़ने जैसी चुनौतियों के बीच केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने कहा कि भारत का अगला आम बजट (Budget) बहुत ही ध्यान से कुछ इस प्रकार बनाना होगा जिससे देश की वृद्धि की रफ्तार कायम रहे और दाम भी काबू में रहें। उन्होंने कहा कि इससे मुद्रास्फीतिक चिंताओं से निपटने में भी मदद मिलेगी। वित्त मंत्री ने कहा कि निकट भविष्य में भारत की अर्थव्यवस्था के समक्ष सबसे बड़ी समस्याओं में ऊर्जा के ऊंचे दाम शामिल हैं।

nirmala sitharaman

वित्त मंत्री ने कहा- बड़े ध्यान से बनाना होगा अगला बजट

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और विश्व बैंक की वार्षिक बैठक में भाग लेने के लिए वाशिंगटन डीसी आईं वित्त मंत्री ने यहां ब्रुकिंग्स इंस्टिट्यूट में जानेमाने अर्थशास्त्री ईश्वर प्रसाद से संवाद के दौरान एक सवाल के जवाब में यह कहा। उनसे अगले वर्ष के बजट को लेकर सवाल पूछा गया था। सीतारमण ने कहा, 'आगामी बजट के बारे में कुछ विशेष बता पाना अभी जल्दबाजी होगा और यह मुश्किल भी है। लेकिन मोटे तौर पर कहें तो वृद्धि की प्राथमिकताएं सबसे ऊपर रहेंगी। मुद्रास्फीति की चिंताओं से भी निपटना होगा। लेकिन फिर सवाल उठेगा कि आप वृद्धि को किस प्रकार बरकरार रखेंगे।'

End of Feed