रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी का नया रास्ता! EPFO ने किस्तों में PF निकालने को दी हरी झंडी

EPFO ने सेवानिवृत्त सदस्यों को PF राशि मासिक, तिमाही या छमाही किस्तों में निकालने की स्वैच्छिक योजना को मंजूरी दी है। बची राशि पर रिटर्न मिलता रहेगा और पहले चरण में 6.32 लाख सदस्यों को लाभ मिलेगा।

PF Installment Withdrawal: रिटायरमेंट के बाद अपनी जीवन भर की जमा पूंजी को सुरक्षित रखने और उससे नियमित आमदनी पाने की चाह रखने वाले करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिए भविष्य निधि (पीएफ) की जमा राशि किस्तों में निकालने की योजना को मंजूरी दे दी है। अब सदस्य रिटायरमेंट के समय अपनी पूरी पीएफ राशि एक साथ निकालने के बजाय अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार नियमित किस्तों में भी प्राप्त कर सकेंगे। यह अहम फैसला केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में हुई कर्मचारी भविष्य निधि के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (सीबीटी) की 240वीं बैठक में लिया गया। श्रम मंत्रालय के बयान के अनुसार, इस नई व्यवस्था के लागू होने से सेवानिवृत्त सदस्यों को रिटायरमेंट के बाद आर्थिक नियोजन में अधिक लचीलापन मिलेगा और उनकी बचत पर लगातार लाभ भी मिलता रहेगा।

EPFO, PF installment withdrawal, Systematic Withdrawal Plan, SWP, retirement savings, Employees Provident Fund Organisation

EPFO ने भविष्य निधि (PF) की जमा राशि किस्तों में निकालने की योजना को मंजूरी दी।

अपनी सुविधा के अनुसार चुन सकेंगे किस्तों का अंतराल

ईपीएफओ की इस नई व्यवस्था के तहत सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों को अपनी जमा राशि निकालने के लिए कई विकल्प मिलेंगे। सदस्य अपनी सुविधा और जरुरत के हिसाब से हर महीने, हर तीन महीने या हर छह महीने के अंतराल पर अपनी पीएफ राशि की किस्त प्राप्त कर सकेंगे। अभी तक रिटायरमेंट के समय बड़ी राशि एकमुश्त मिलने पर कई बार सदस्यों के सामने यह चुनौती रहती थी कि वे उस पैसे को कहां और कैसे सुरक्षित निवेश करें ताकि नियमित खर्च चलते रहें। नई किस्त निकासी योजना से यह समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी, क्योंकि सदस्यों को एक तय और अनुमानित अंतराल पर नियमित आय का व्यवस्थित जरिया मिल सकेगा।

End of Feed