भारत सरकार देश में स्वच्छ ऊर्जा (Clean Energy) को बढ़ावा देने के लिए तेजी से काम कर रही है। सरकार का मानना है कि आने वाले वर्षों में बैटरी स्टोरेज, सौर ऊर्जा और पवन ऊर्जा के क्षेत्र में बड़े निवेश का फायदा आम लोगों तक पहुंचेगा। इसी दिशा में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा है कि सरकार बैटरी स्टोरेज सिस्टम में बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है और इसके सकारात्मक नतीजे जल्द देखने को मिलेंगे। उनका कहना है कि इससे भविष्य में बिजली की लागत कम होगी।
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी (X Handle/@JoshiPralhad)
बैटरी स्टोरेज सिस्टम पर सरकार का बड़ा निवेश
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बुधवार को आयोजित Times Network Sustainability Conclave 2026 में कहा, "पिछले वर्ष बैटरी क्षमता बढ़ाने (बैटरी एडिशन) के मामले में भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश रहा। हम बैटरी स्टोरेज सिस्टम में बड़े पैमाने पर निवेश कर रहे हैं, जिसमें पवन ऊर्जा और सौर ऊर्जा स्टोरेज सिस्टम पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम जल्द देखने को मिलेंगे और इससे बिजली की लागत कम करने में मदद मिलेगी।"
वैश्विक चुनौतियों के बीच मजबूत रही भारतीय अर्थव्यवस्था
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भारत की आर्थिक स्थिति पर भी भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक स्तर पर अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था वित्त वर्ष की पहली तिमाही में मजबूत स्थिति में रही है। उनका कहना था कि भारत लगातार दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बनाए हुए है।
हाइड्रोजन ट्रेन से मजबूत होगी देश की पहचान
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन भारत को उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल करती है जो भविष्य की स्वच्छ परिवहन तकनीकों में निवेश कर रहे हैं। उनका मानना है कि यह कदम न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि भारत को आधुनिक और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था की ओर भी ले जाएगा। उन्होंने कहा कि आज भारत केवल दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर सबसे भरोसेमंद विकास की कहानी बनकर भी उभर रहा है।
सचिन और वैभव सूर्यवंशी से की तुलना
कार्यक्रम के दौरान संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क कन्वेंशन (UNFCCC) के कार्यकारी सचिव साइमन स्टील ने भारत की स्वच्छ ऊर्जा यात्रा की दिलचस्प तुलना की। उन्होंने कहा कि भारत की क्लीन एनर्जी यात्रा में सचिन तेंदुलकर जैसी निरंतरता और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जैसी क्षमता दोनों दिखाई देती हैं। उनका कहना था कि भारत लगातार स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
