Most Expensive Areas in World: क्या आप जानते हैं दुनिया का सबसे महंगा एरिया कौन है? आपको बता दें कि लंदन का न्यू बॉन्ड स्ट्रीट दुनिया का सबसे महंगा कमर्शियल एरिया है जिसका वार्षिक किराया 2,231 अमेरिकी डॉलर प्रति वर्ग फुट है। पिछले साल इटली का मिलान वाया मोंटे नेपोलियन था। हालांकि, इस साल इटली के मिलान में वाया मोंटे नेपोलियन ने अपना शीर्ष स्थान खो दिया है। यह 2,179 अमेरिकी डॉलर प्रति वर्ग फुट के वार्षिक किराये के साथ विश्व में दूसरा सबसे महंगा इलाका बन गया है। संपत्ति सलाहकार कुशमैन एंड वेकफील्ड (सीएंडडब्ल्यू) ने यह जानकारी दी।
लंदन का न्यू बॉन्ड स्ट्रीट
दिल्ली का खान मार्केट नीचे लुढ़का
दिल्ली का ‘पॉश’ इलाका खान मार्केट सबसे महंगे खुदरा स्थानों की वैश्विक सूची में एक पायदान नीचे 24वें स्थान पर आ गया है। यहां वार्षिक किराया 223 अमेरिकी डॉलर प्रति वर्ग फुट है। खान मार्केट पिछले वर्ष इस सूची में विश्व में 23वां सबसे महंगा खुदरा स्थान था। वैश्विक रियल एस्टेट परामर्शदाता कुशमैन एंड वेकफील्ड ने अपनी प्रमुख खुदरा रिपोर्ट ‘मेन स्ट्रीट्स अक्रॉस द वर्ल्ड 2025’ जारी की है। यह वैश्विक स्तर पर 138 सर्वश्रेष्ठ शहरी खुदरा स्थानों में प्रमुख किरायों पर केंद्रित है।
टॉप-5 में ये लोकेशन शामिल
वैश्विक सूची में हांगकांग का सिम शा त्सुई (मुख्य सड़क की दुकानें) चौथे स्थान पर रहा। इसके बाद एवेन्यू डेस चैंप्स-एलिसीस (पेरिस), गिन्जा (तोक्यो) बानहोफस्ट्रासे (ज्यूरिख), पिट स्ट्रीट मॉल (सिडनी), म्योंगदोंग (सियोल) और कोहलमार्क (वियना) का स्थान है। रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम के गैलेरिया मार्केट में किराये में 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके बाद नयी दिल्ली के कनॉट प्लेस में किराया 14 प्रतिशत और मुंबई के केम्प्स कॉर्नर में 10 प्रतिशत बढ़ा। एशिया प्रशांत क्षेत्र का सबसे किफायती इलाका चेन्नई का अन्ना नगर सेकेंड एवेन्यू है जहां किराया 25 अमेरिकी डॉलर प्रति वर्ग फुट प्रति वर्ष है।
