दिल्ली में 10 अक्टूबर 2026 को होने वाले विरोध प्रदर्शन का असर रेल यात्रियों पर पड़ने वाला है। प्रदर्शन के दौरान नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी एक्सप्रेस, शताब्दी, गरीब रथ, तेजस, हमसफर और अमृत भारत जैसी प्रमुख ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। ऐसे में अगर आपने 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने के लिए ट्रेन का टिकट बुक कराया है, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें।
Indian Railways Alert: दिल्ली आने वाली 28 ट्रेनें रद्द
क्यों रद्द की गईं ट्रेनें?
दिल्ली में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। इसके चलते नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास यातायात प्रभावित होने की आशंका है। रेलवे के निर्देश के अनुसार, 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच इन दोनों स्टेशनों पर पहुंचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया गया है। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को संभावित परेशानी से बचाना और परिचालन को व्यवस्थित रखना है।
राजधानी, गरीब रथ और तेजस समेत ये ट्रेनें प्रभावित
NDTV की रिपोर्ट में कुल 28 ट्रेनों के प्रभावित होने की जानकारी दी गई है। इनमें मुंबई CSMT-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (22221), हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12301), सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12313) और राजेंद्र नगर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12309) शामिल हैं। इसके अलावा रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस (12877), प्रयागराज-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस (12275), प्रयागराज एक्सप्रेस (12417), श्रमशक्ति एक्सप्रेस (12451) और संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस (12393) भी सूची में हैं।
सूची में राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस (22361), मगध एक्सप्रेस (20801), शिवगंगा एक्सप्रेस (12559), बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12581), यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12447), महाकौशल एक्सप्रेस (12189), गोंडवाना सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22181) और मध्य प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12121) के नाम भी दिए गए हैं। आगरा कैंट-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस (14211), कासगंज-नई दिल्ली ट्रेन (15303), लखनऊ जंक्शन-नई दिल्ली तेजस (82501), देहरादून-नई दिल्ली जन शताब्दी एक्सप्रेस (12056) समेत कुछ अन्य ट्रेनें भी प्रभावित बताई गई हैं।
यूपी, बिहार और दूसरे राज्यों के यात्रियों पर असर
इन ट्रेनों के रद्द होने से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से दिल्ली आने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। खासतौर पर उन लोगों को अपनी यात्रा की योजना दोबारा देखनी चाहिए, जिनका टिकट राजधानी, गरीब रथ, तेजस या दूसरी सूचीबद्ध ट्रेनों में है। ध्यान रखें कि ट्रेन के नाम या रूट के आधार पर अनुमान लगाने के बजाय अपने टिकट पर दर्ज ट्रेन नंबर और यात्रा की तारीख से पुष्टि करें।
घर से निकलने से पहले ऐसे चेक करें ट्रेन का स्टेटस
यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES ऐप या रेलवे हेल्पलाइन 139 से ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी लें। अगर आपकी ट्रेन रद्द है, तो टिकट रिफंड या आगे की यात्रा के विकल्पों के लिए रेलवे के आधिकारिक नियम देखें। रिपोर्ट के अनुसार, दोपहर 2 बजे के बाद परिचालन को सामान्य करने की योजना है, लेकिन अपनी ट्रेन के चलने की पुष्टि किए बिना स्टेशन न पहुंचें।
28 ट्रेनों की पूरी लिस्ट
ट्रेन का नामलखनऊ से आने वाली ये ट्रेनें हुईं कैंसिल
दिनांक 10 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन एवं हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों में सड़क यातायात अत्यधिक बाधित रहने की संभावना को ध्यान मे रखते हुए लखनऊ मण्डल से चलने वाली निम्न गाड़ियां निरस्त रहेंगी।
1.गाड़ी संख्या 12229 लखनऊ - नई दिल्ली , लखनऊ मेल दिनांक 09 अक्टूबर, 2026 को लखनऊ से नई दिल्ली के लिए निरस्त रहेगी।
2.गाड़ी संख्या 12429 — लखनऊ - नई दिल्ली वातानुकूलित सुपरफास्ट एक्सप्रेस दिनांक 09 अक्टूबर, 2026 को लखनऊ से नई दिल्ली के लिए निरस्त रहेगी।
रेल यात्रा से संबंधित जानकारी के लिए Rail-One app अथवा रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करें।
दिल्ली क्षेत्र में रोड ट्रैफिक एवं संभावित जाम को देखते हुए नई दिल्ली एवं हज़रत निज़ामुद्दीन जाने वाली निम्न ट्रेनें दिनांक 09 अक्तूबर को निरस्त रहेंगी।
1. ट्रेन नंबर 22181 – जबलपुर से हज़रत निज़ामुद्दीन
2. ट्रेन नंबर 12189 – जबलपुर से हज़रत निज़ामुद्दीन
3. ट्रेन नंबर 12121 – जबलपुर से हज़रत निज़ामुद्दीन
