Bank Loan Secrets: अधिकतर लोग घर, कार, बिजनेस या अपनी कई दूसरी जरूरतों के लिए बैंक से लोन लेते हैं। लेकिन लोन लेने की चाह रखने वाले हर व्यक्ति का आवेदन तुरंत मंजूर नहीं होता। बैंक लोन देने से पहले कई पहलुओं की जांच करते हैं ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि आवेदक समय पर लोन चुका सकेगा। इस आर्टिकल में आपको उन 7 बड़े कारकों की ही जानकारी दे रहे हैं, जो लोन अप्रूवल के लिए महत्वपूर्ण हैं-
लोन कैसे होता है अप्रूव (Photo: iStock)
क्रेडिट हिस्ट्री
क्रेडिट हिस्ट्री बताती है कि आपने पहले लिए गए लोन या क्रेडिट कार्ड का भुगतान समय पर किया है या नहीं। अगर किसी ने पहले भुगतान में देरी की है या डिफॉल्ट किया है तो उसका क्रेडिट स्कोर कम हो सकता है। आमतौर पर 700 से 800 के बीच का क्रेडिट स्कोर अच्छा माना जाता है और इससे लोन मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
आवेदक की उम्र
आवेदक की उम्र भी लोन मंजूरी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आमतौर पर 25 से 50 वर्ष के बीच के लोग बैंक के लिए ज्यादा भरोसेमंद माने जाते हैं क्योंकि उनके पास आय कमाने के पर्याप्त वर्ष होते हैं। रिटायरमेंट के करीब पहुंचने वाले लोगों के लिए लोन मंजूरी मुश्किल हो सकती है।
इनकम
बैंक आपकी आय के आधार पर यह तय करते हैं कि आप लोन की ईएमआई चुका पाएंगे या नहीं। बैंक यह भी देखते हैं कि आपकी आय के मुकाबले कर्ज कितना है और ईएमआई देने के बाद आपके पास पर्याप्त पैसा बचता है या नहीं। अधिक आय और अतिरिक्त आय स्रोत लोन मंजूरी की संभावना बढ़ाते हैं।
मार्जिन मनी
बैंक आमतौर पर किसी भी प्रोजेक्ट या खरीद की पूरी रकम नहीं देते। अक्सर वे कुल लागत का लगभग 80 प्रतिशत तक लोन देते हैं और बाकी राशि आवेदक को खुद लगानी होती है। अगर आप ज्यादा डाउन पेमेंट कर सकते हैं तो इससे लोन मंजूरी जल्दी मिल सकती है।
रिपेमेंट पीरियड
अगर आप लोन को कम समय में चुकाने का विकल्प चुनते हैं तो बैंक को भरोसा होता है कि पैसा जल्दी वापस आ जाएगा। कई बैंक 5 साल तक की अवधि वाले लोन को ज्यादा प्राथमिकता देते हैं। लंबी अवधि होने पर जोखिम बढ़ने की संभावना भी रहती है।
वर्क एक्सपीरियंस
बैंक देखते हैं कि आप कितने समय से काम कर रहे हैं और आपकी नौकरी कितनी स्थिर है। स्थायी नौकरी और लंबे समय से एक ही संस्थान में काम करने वाले लोगों को अधिक भरोसेमंद माना जाता है। डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और वकील जैसे पेशेवरों को भी सुरक्षित आवेदक माना जाता है।
कोलैटरल
कुछ लोन के लिए बैंक संपत्ति या अन्य मूल्यवान चीजें गिरवी रखने को कहते हैं। इसे कोलैटरल कहा जाता है। जमीन, घर, वाहन, सोना या अन्य संपत्तियां गिरवी रखने से बैंक का जोखिम कम होता है और लोन मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
