आज की भागदौड़ भरी कॉर्पोरेट लाइफ में 'बर्नआउट' और मानसिक तनाव एक बड़ी समस्या बन गए हैं। अक्सर ऑफिस में काम के दौरान झपकी आने पर बॉस की डांट सुननी पड़ती है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में कर्मचारियों के आराम को उनका कानूनी हक माना जाता है। वहां के कानून इतने 'कूल' हैं कि कर्मचारी को मशीन नहीं, बल्कि इंसान समझा जाता है। आइए जानते हैं दुनिया के उन 5 बेहतरीन लेबर लॉ के बारे में जो वर्क-लाइफ बैलेंस की नई परिभाषा लिख रहे हैं।
1. जापान का 'इनेमुरी': काम के बीच नींद है मेहनत की निशानी
जापान अपनी कड़ी मेहनत के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां 'इनेमुरी' (Inemuri) का एक अनोखा कॉन्सेप्ट है। इसका मतलब है 'काम के बीच मौजूद रहकर सोना'। जापान में अगर कोई कर्मचारी मीटिंग या ऑफिस डेस्क पर झपकी लेता है, तो बॉस उसे आलसी समझकर डांटता नहीं है। बल्कि इसे इस बात का प्रमाण माना जाता है कि कर्मचारी ने काम के लिए इतनी मेहनत की है कि वह थक गया है। कई कंपनियों ने तो बकायदा 'नैपिंग रूम' बनाए हैं ताकि कर्मचारी 15-20 मिनट की पावर नैप लेकर फिर से तरोताजा महसूस कर सकें।
2. फ्रांस का 'राइट टू डिस्कनेक्ट': ड्यूटी खत्म, तो बॉस का फोन भी बंद
क्या आपके साथ ऐसा होता है कि ऑफिस से घर आने के बाद या छुट्टी के दिन भी बॉस के ईमेल और व्हाट्सएप मैसेज आपका पीछा नहीं छोड़ते? फ्रांस में ऐसा करना गैर-कानूनी है। वहां 'राइट टू डिस्कनेक्ट' कानून लागू है, जो कर्मचारियों को अधिकार देता है कि वे ड्यूटी के घंटों के बाद ऑफिस के किसी भी कम्युनिकेशन (कॉल, ईमेल या मैसेज) का जवाब न दें। इसके लिए कंपनी उन पर कोई दबाव नहीं डाल सकती और न ही कोई कार्रवाई कर सकती है। यह कानून कर्मचारियों के निजी समय और मानसिक शांति की रक्षा करता है।
3. आइसलैंड का 4-डे वर्किंग वीक: कम काम, ज्यादा खुशी
आइसलैंड ने दुनिया के सामने एक मिसाल पेश की है। यहां बड़े पैमाने पर '4-डे वर्किंग वीक' (हफ्ते में सिर्फ 4 दिन काम) का ट्रायल किया गया, जो बेहद सफल रहा। अब वहां के अधिकतर कर्मचारी हफ्ते में 40 के बजाय 35 या 36 घंटे ही काम करते हैं, वह भी बिना सैलरी में कटौती के। रिसर्च में पाया गया कि कम दिन काम करने से कर्मचारी ज्यादा खुश रहते हैं, कम बीमार पड़ते हैं और उनकी प्रोडक्टिविटी पहले से कहीं ज्यादा बढ़ जाती है।
4. स्पेन की 'सिएस्टा' संस्कृति: दोपहर का आधिकारिक आराम
स्पेन में 'सिएस्टा' (Siesta) की पुरानी परंपरा को अब आधुनिक वर्क कल्चर का हिस्सा बनाया गया है। यहां दोपहर के समय (खासकर 2 से 5 बजे के बीच) लंबा ब्रेक देने का चलन है। इस दौरान लोग दोपहर का भोजन करते हैं और आराम करते हैं या छोटी नींद लेते हैं। हालांकि बड़े शहरों में यह कम हुआ है, लेकिन कई क्षेत्रों में यह आज भी कर्मचारियों को दोपहर की सुस्ती से बचने और शाम के काम के लिए ऊर्जा जुटाने का कानूनी और सामाजिक अधिकार देता है।
5. जर्मनी में 'ओवरटाइम' पर सख्त पाबंदी
जर्मनी अपने कड़े नियमों के लिए मशहूर है। यहां लेबर लॉ इतने सख्त हैं कि कोई भी कंपनी अपने कर्मचारी से तय समय से ज्यादा काम नहीं करा सकती। अगर कोई कर्मचारी ओवरटाइम करता है, तो उसे उसके बदले या तो अतिरिक्त पैसे देने होते हैं या फिर उतनी ही 'कॉम्पसेटरी लीव' (Compensatory Leave) देनी पड़ती है। जर्मनी में शाम 6 बजे के बाद ऑफिस खाली हो जाते हैं और वहां 'वर्क-लाइफ बैलेंस' को पवित्र माना जाता है।
