Dubai Real Estate News : दुबई में अपना घर खरीदना या रियल एस्टेट में निवेश करना भारत के बड़े महानगरों जैसे मुंबई और दिल्ली के मुकाबले काफी सस्ता और फायदेमंद साबित हो रहा है। दुबई की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनी 'डेन्यूब प्रॉपर्टीज' (Danube Properties) के मुताबिक, इस खाड़ी शहर में प्रॉपर्टी की कीमतें दुनिया के कई बड़े शहरों की तुलना में अभी भी बहुत कम हैं। कंपनी का मानना है कि अगले तीन से पांच सालों के भीतर दुबई के प्रॉपर्टी बाजार में जबरदस्त उछाल देखने को मिलेगा, जिससे निवेशकों को मोटा मुनाफा हो सकता है।
मुंबई से आधे से भी कम दाम में मिल रहा है दुबई में घर
मुंबई के मुकाबले आधे से भी कम हैं कीमतें
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक डेन्यूब समूह के संस्थापक और चेयरमैन रिजवान साजन ने हाल ही में दुबई में एक नई आवासीय परियोजना के लॉन्च के दौरान यह जानकारी शेयर की। उन्होंने बताया कि दुबई में विकास की अपार संभावनाएं हैं और यहां प्रॉपर्टी के दाम अब भी आम खरीदारों और निवेशकों की पहुंच में हैं। आंकड़ों के जरिए तुलना करते हुए उन्होंने बताया कि दुबई के पॉश और बेहतरीन इलाकों में करीब 1,000 डॉलर प्रति वर्ग फुट (करीब 93,000 रुपये प्रति वर्ग फुट) की दर से आसानी से घर मिल जाता है। इसके विपरीत, मुंबई के बांद्रा जैसे इलाके में घर खरीदने के लिए करीब दो लाख रुपये प्रति वर्ग फुट तक खर्च करने पड़ते हैं। इस लिहाज से दुबई में घर खरीदना मुंबई के मुकाबले आधे से भी कम कीमत पर पड़ता है।
किराये से कमाई में भी दुबई आगे
कंपनी ने भारत, अमेरिका और यूरोप के 14 प्रमुख शहरों के महंगे इलाकों की प्रॉपर्टी कीमतों और उनसे होने वाले मुनाफे पर एक खास अध्ययन किया है। इस अध्ययन का हवाला देते हुए रिजवान साजन ने बताया कि निवेश पर मिलने वाले सालाना किराये (रेंटल यील्ड) के मामले में भी दुबई काफी आगे है। दुबई में प्रॉपर्टी से सालाना औसत किराया करीब 6.5 प्रतिशत तक मिलता है, जबकि मुंबई में यह आंकड़ा महज 3.9 प्रतिशत के आसपास है। साजन ने उम्मीद जताई है कि दुबई के रियल एस्टेट बाजार की रफ्तार को देखते हुए अगले चार से पांच सालों में यहां संपत्तियों की कीमतें दोगुनी तक हो सकती हैं।
भारतीय खरीदारों की पहली पसंद बन रहा दुबई
डेन्यूब प्रॉपर्टीज के मुताबिक, उनकी परियोजनाओं में घर खरीदने वाले कुल ग्राहकों में से करीब 30 प्रतिशत हिस्सेदारी अकेले भारतीयों की है। रिजवान साजन का कहना है कि भारतीय निवेशकों और खरीदारों का रुझान दुबई की तरफ हमेशा से रहा है और अब यह और मजबूत हो रहा है। इसके पीछे कई बड़े कारण हैं। सबसे बड़ा फायदा यह है कि दुबई में कोई व्यक्तिगत आयकर (इनकम टैक्स) नहीं लगता है। इसके अलावा, वहां की बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं, विश्वस्तरीय शिक्षा प्रणाली और सुरक्षित माहौल भारतीय परिवारों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
भू-राजनीतिक तनाव के बीच भी बढ़ी आबादी और भरोसा
मध्य-पूर्व के क्षेत्र में चल रही मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति का दुबई के बाजार पर क्या असर पड़ रहा है, इस सवाल पर साजन ने स्पष्ट किया कि दुबई पूरी तरह सुरक्षित है और लोगों का भरोसा कायम है। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में निवेशकों के मन में थोड़ी हिचकिचाहट जरूर थी, लेकिन अब हालात पूरी तरह सामान्य हैं और दुनिया भर से लोग वापस दुबई का रुख कर रहे हैं। कंपनी के प्रबंध निदेशक आदिल साजन ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्रीय तनाव के बावजूद इस साल अक्टूबर तक दुबई की आबादी में पिछले साल के मुकाबले दो लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रिजवान साजन का मानना है कि कोरोना महामारी के बाद जिस तरह दुबई का प्रॉपर्टी बाजार तेजी से उबरा था, इस बार उससे भी बड़े स्तर पर तेजी देखने को मिलेगी।
शाहरुख खान के नाम पर शुरू हुआ नया प्रोजेक्ट
भारतीय खरीदारों के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए डेन्यूब प्रॉपर्टीज ने बीते 11 नवंबर को दुबई में अपनी एक बेहद खास आवासीय परियोजना की बुकिंग शुरू की है। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के नाम पर इस प्रोजेक्ट का नाम 'शाहरुख्ज रेजिडेंसिस बाय डेन्यूब' (Shahrukhz Residences by Danube) रखा गया है। इस लग्जरी प्रोजेक्ट की एक बड़ी खासियत यह है कि इसके पेंटहाउस मशहूर इंटीरियर डिजाइनर और शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान द्वारा डिजाइन किए गए हैं। समुद्र के किनारे बने इस पूरी तरह सुसज्जित (फर्निश्ड) प्रोजेक्ट में फ्लैट की शुरुआती कीमत 16.5 लाख दिरहम यानी भारतीय रुपये में करीब 4.2 करोड़ रुपये रखी गई है।
