शेयर बाजार में 35 साल की सबसे बड़ी दिवाली रैली, क्या बदल गया जो विदेशी निवेशक लौट आए?

दिवाली से पहले भारतीय शेयर बाजार में ऐसी तेजी आई, जिसने निवेशकों को चौंका दिया। सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार उछाल के साथ विदेशी निवेशकों ने भी रिकॉर्ड खरीदारी की। आखिर ऐसा क्या बदला कि विदेशी पैसा भारत लौटने लगा?

दिवाली से ठीक पहले भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। पिछले कुछ दिनों से लगातार चढ़ रहे बाजार ने धनतेरस के दिन निवेशकों को बड़ा तोहफा दिया। 6 नवंबर को सेंसेक्स 1,718.01 अंक यानी 2.16 फीसदी की छलांग लगाकर 81,028.02 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 493.75 अंक यानी 2.01 फीसदी चढ़कर 25,030.35 पर पहुंच गया। खास बात यह है कि दिवाली से पहले सात कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स करीब 10.6 फीसदी चढ़ा, जो पिछले 35 साल में दिवाली से पहले की सबसे बड़ी तेजी बताई जा रही है। इस तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह विदेशी निवेशकों की भारतीय बाजार में वापसी मानी जा रही है। ऐसे में आईये जानते हैं आखिर ऐसा क्या हुआ जो विदेशी निवेशक लौट आये हैं?

Share Market Rally

विदेशी निवेशकों ने की रिकॉर्ड खरीदारी

पिछले कुछ महीनों से विदेशी संस्थागत निवेशक यानी FII भारतीय शेयर बाजार से लगातार पैसा निकाल रहे थे। लेकिन अब उनका रुख बदलता नजर आ रहा है। NSE के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 5 नवंबर को विदेशी निवेशकों ने करीब 14,975 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। यह लगभग छह साल में एक दिन की उनकी सबसे बड़ी खरीदारी है। पिछले पांच कारोबारी सत्रों में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में करीब 5 अरब डॉलर का निवेश किया है। इससे बाजार को मजबूत सहारा मिला है।

End of Feed