Anthropic IPO: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल Claude को बनाने वाली अमेरिकी कंपनी Anthropic ने अपने IPO Prospectus में ऐसी तस्वीर पेश की है, जो पूरी AI Industry के अर्थशास्त्र के साथ ही वैल्यूएशन के खेल को हमेशा के लिए बदल देगी। खासतौर पर कंपनी के तगड़े घाटे के बाद भी वैल्यूएशन की आकांक्षाओं ने शेयर बाजार में निवेश से जुड़े कई बुनियादी सवाल भी खड़े कर दिए हैं। क्योंकि, कंपनी 42 अरब डॉलर के घाटे में है। इसके बाद भी IPO में करीब 2 ट्रिलियन डॉलर का वैल्यूएशन चाहती है।
असल में कंपनी ने 2025 में करीब 4.6 अरब डॉलर का रेवेन्यू जेनरेट किया, लेकिन इसी दौरान उसे लगभग $42 अरब का नेट लॉस रिपोर्ट किया है। इसके बावजूद Anthropic IPO में $2 ट्रिलियन से ज्यादा की वैल्यूएशन का लक्ष्य रख रही है। यह असल में IPO में निवेश से जुड़ा एक बुनियादी सवाल उठाने वाला मामला है। क्योंकि, आमतौर पर निवेशक किसी IPO में इसी वजह से निवेश करता है, ताकि उसे आकर्षक वैल्यूएशन पर शेयर मिल जाएं और कंपनी की ग्रोथ का फायदा मिल सके। लेकिन, अब कंपनियां अपनी फ्यूचर ग्रोथ को IPO में ही जोड़ देती हैं।
वित्तीय स्थिति नहीं मजबूत
एंथ्रोपिक की IPO फाइलिंग में यह भी सामने आया है कि कंपनी आने वाले वर्षों में क्लाउड, कंप्यूटिंग और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर करीब $518 अरब की जिम्मेदारियों लेकर खड़ी है। वहीं 2025 में कंप्यूटिंग और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर ही करीब $7.33 अरब खर्च हुए। ऐसे में एंथ्रोपिक का IPO सिर्फ एक टेक कंपनी लिस्टिंग नहीं, बल्कि यह भी दिखाएगा कि पब्लिक मार्केट AI के भविष्य और उसकी भारी लागत को किस तरह वैल्यू करता है।
$42 अरब घाटे के पीछे क्या कहानी?
पहली नजर में $42 अरब का नेट लॉस बेहद बड़ा आंकड़ा लगता है, लेकिन इसकी पूरी तस्वीर समझना जरूरी है। Anthropic के करीब $42 अरब के नेट लॉस में लगभग $34 अरब अकाउंटिंग चार्ज से जुड़े थे। यह वित्तीय जिम्मदारियों की अनुमानित कीमत में बदलाव से संबंधित था और इसे कंपनी द्वारा सीधे कैश खर्च किया गया $34 अरब मानना सही नहीं होगा। इसके बावजूद कंपनी का ऑपरेटिंग लॉस $8 अरब से ज्यादा रहा। दूसरी तरफ रेवेन्यू में जबरदस्त तेजी आई। 2025 में कंपनी का रेवेन्यू लगभग 12 गुना बढ़कर $4.6 अरब पहुंच गया। यानी बिजनेस तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन उस ग्रोथ को हासिल करने के लिए खर्च भी बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं।
$2 ट्रिलियन वैल्यूएशन इतना बड़ा लक्ष्य क्यों?
Anthropic IPO में $2 ट्रिलियन से ज्यादा वैल्यूएशन को टारगेट कर रही है। यह मई 2026 में मिली फंडिंग के बाद कंपनी की करीब $965 अरब वैल्यूएशन से दोगुने से भी ज्यादा है। कंपनी के लिए यह वैल्यूएशन इसलिए भी अहम है, क्योंकि इससे एंथ्रोपिक दुनिया की सबसे बड़ी AI कंपनियों के लिए पब्लिक मार्केट के हिसाब से बेंचमार्क बन सकती है।
AI मानवता के लिए खतरा
कंपनी ने अपने IPO इस्तावेजों में यह भी बताया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पूरी मानव जाति के अस्तित्व के लिए खतरा साबित हो सकती है। कंपनी ने आईपीओ दस्तावेजों में कहा है कि AI की वजह से दुनिया को औद्योगिक क्रांति, बिजली और इंटरनेट जैसे बदलावों की तुलना में कहीं ज्यादा लाभ मिल सकता है। वहीं, साथ ही कहा है कि पिछले दिनों जिस तरह उनके एडवांस्ड एआई मॉडल का व्यवहार दिखा है, वह मानवता के लिए अस्तित्व का खतरा भी हो सकता है।
