How To Save Money: आज के समय में हर दूसरा व्यक्ति पैसे की बचत करना चाहता है। लेकिन यह समझना बेहद जरूरी है कि पैसा कमाना एक हुनर है, लेकिन उसे बचाना और सही जगह निवेश करना एक कला है। अधिकतर लोगों को लगता है कि बचत करने के लिए एक बड़ी सैलरी का होना जरूरी है। जो कि पूरी तरह से गलत है। गैर-जरूरी खर्चों को कम करने के साथ पैसों की बचत की जा सकती है। इस आर्टिकल में आपको कुछ ऐसे प्रैक्टिल मनी-सेविंग टिप्स ही बताने जा रहे हैं, जो आपकी घर की रसोई से जुड़े हैं-
ऐसे करें पैसों की बचत (Photo: iStock)
लोकल मार्केट से खरीदें फल-सब्जी
अधिकतर लोग घर की रसोई और बाकी के जरूरी सामान को खरीदने के लिए सुपर मार्केट जाते हैं। कुछ जरूरी सामान के लिए तो सुपर मार्केट जाना ठीक है लेकिन रोजाना की चीजें जैसे फल और सब्जियां आपके लोकल मार्केट में सस्ती मिलती हैं। इसलिए फल-सब्जियों जैसी चीजों को सुपर मार्केट से न खरीदें।
बड़ी मात्रा में खरीदें जरूरी सामान
ग्रोसरी या घर के राशन का सामान जैसे चावल, दाल, आटा और टॉयलेटरीज थोक में खरीदना हमेशा किफायती होता है। जब आप बड़ी मात्रा में सामान लेते हैं तो प्रति यूनिट कीमत कम हो जाती है और आप बार-बार स्टोर जाने के ईंधन और समय के खर्च से भी बचते हैं। बस खरीदारी करते समय किसी भी प्रोडक्ट की 'एक्सपायरी डेट' जरूर चेक कर लेनी चाहिए।
शॉपिंग से पहले ही तय करें बजट
शॉपिंग पर जाने से पहले एक निश्चित बजट तय करना फिजूलखर्ची रोकने का सबसे कारगर तरीका है। जब आपके पास एक तय सीमा होती है, तो आप केवल जरूरी सामानों पर ध्यान केंद्रित करते हैं और लुभावने ऑफर्स के चक्कर में आकर अनावश्यक चीजें खरीदने से बचते हैं। यह आपकी वित्तीय अनुशासन को बनाए रखने में मदद करता है।
मील्स की एडवांस प्लानिंग
पूरे हफ्ते के भोजन की एडवांस प्लानिंग करने से आप वही सामान खरीदते हैं, जिसकी आपको असल में जरूरत है। इससे 'इम्पल्स बाइंग' (बिना सोचे-समझे खरीदारी) कम होती है और रसोई में रखा सामान बर्बाद नहीं होता। मील प्लानिंग आपको स्वस्थ खाने और बाहर से खाना ऑर्डर करने के खर्च को बचाने में भी मदद करती है।
सामान सही तरीके से स्टोर
सही तरीके से सामान स्टोर करना आपके पैसों को बचा सकता है। अनाज को नमी से दूर रखना और फलों-सब्जियों को उनकी जरूरत के हिसाब से फ्रिज या खुली हवा में स्टोर करना उनकी लाइफ बढ़ा देता है। जब सामान लंबे समय तक ताजा रहता है, तो आपको बार-बार खरीदारी नहीं करनी पड़ती और आप अपनी बचत बढ़ा पाते हैं।
