Begusarai News: बिहार में बेगूसराय के लोहिया नगर में ओवरब्रिज के पास चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान आज यानी मंगलवार 2 दिसंब को हालात अचानक बिगड़ गए। जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम जब यहां अवैध निर्माण को हटाने में जुटी थी, तभी स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया।
बेगुसराय में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव
पथराव होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। पथराव के बीच लोगों की भीड़ इधर-उधर भागने लगी। इसी दौरान स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लाठीचार्ज में महिलाएं और बच्चे भी नहीं बच सके, वहीं पुलिस के अनुसार हालात को काबू में करने के लिए न्यूनतम बल का प्रयोग किया गया।
ये भी पढ़ें - Patna News: महुआबाग में बन रही लालू यादव की कोठी BJP के निशाने पर, ED से जब्ती की चेतावनी
दरअसल मंगलवार सुबह से जिला प्रशासन और नगर निगम बुलडोजर की मदद से अवैध दुकानों और घरों को तोड़ने में जुटा था। कई परिवार अपने घर और दुकान बचाने की कोशिश करते दिखे, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह क्षेत्र पूरी तरह से अवैध कब्जे में था और यहां अक्सर यातायात जाम की समस्या बनी रहती थी।
TimesnowNavbharat संवाददाता ने घटनास्थल का जायजा लिया और तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि यह कार्रवाई आवश्यक थी, ताकि सड़क पर सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।
वहीं सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे ने लाठीचार्ज के सवाल पर कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस ने लाठीचार्ज करने की बात से इनकार किया है। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
