इसमें कोई शक नहीं कि कार की नियमित सर्विसिंग जरूरी है। लेकिन सिर्फ ओडोमीटर पर दिखने वाले किलोमीटर को देखकर सर्विसिंग का फैसला करना हमेशा सही नहीं होता। कई बार कार तय सर्विस इंटरवल से पहले ही ऐसे संकेत देने लगती है, जो बताते हैं कि गाड़ी के किसी हिस्से की जांच या मरम्मत की जरूरत है। खासकर अगर कार का इस्तेमाल रोजाना ट्रैफिक, खराब सड़कों, धूल या लंबे सफर में ज्यादा होता है, तो कुछ पार्ट्स पर जल्दी असर पड़ सकता है। आइए जानते हैं, वे कौन-से संकेत हैं जो बताते हैं कि कार को सर्विस की जरूरत है-
केवल किलोमीटर देख कर न लें कार की सर्विस करवाने का फैसला (AI Generated Image)
इंजन से अलग तरह की आवाज आना
अगर गाड़ी स्टार्ट करते समय या चलने के दौरान इंजन से कुछ अलग आवाज आने लगे, तो इसे नजरअंदाज न करें। लगातार खड़खड़ाने, सीटी जैसी आवाज या असामान्य कंपन का मतलब किसी पार्ट में समस्या हो सकती है।
माइलेज अचानक कम हो जाना
अगर आपकी कार सामान्य परिस्थितियों में एक जैसा माइलेज देती थी, लेकिन अचानक पेट्रोल या डीजल ज्यादा खर्च होने लगा है, तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। टायर प्रेशर, इंजन की स्थिति, एयर फिल्टर, फ्यूल सिस्टम या ड्राइविंग कंडीशन इसकी वजह हो सकती है।अगर बिना किसी खास बदलाव के माइलेज लगातार गिर रहा है, तो सिर्फ सर्विस इंटरवल का इंतजार न करें।
ब्रेक लगाने पर आवाज या कंपन
ब्रेक कार के सबसे जरूरी सेफ्टी सिस्टम में से एक हैं। अगर ब्रेक लगाने पर घिसने जैसी आवाज आए, स्टीयरिंग में कंपन महसूस हो या कार रुकने में पहले से ज्यादा समय ले, तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए। ऐसे संकेत ब्रेक पैड, डिस्क या ब्रेक सिस्टम के किसी दूसरे हिस्से की जांच की जरूरत का संकेत हो सकते हैं।
स्टीयरिंग में बदलाव महसूस होना
अगर स्टीयरिंग पहले की तुलना में ज्यादा भारी लगने लगे, कार एक तरफ खिंचने लगे या स्टीयरिंग घुमाते समय असामान्य आवाज आए, तो कार की जांच करवाएं।कई बार इसकी वजह टायर प्रेशर या व्हील अलाइनमेंट हो सकती है, लेकिन स्टीयरिंग और सस्पेंशन से जुड़ी समस्या भी इसका कारण हो सकती है।
इंजन ऑयल या दूसरे फ्लूइड का रिसाव
अगर कार पार्क करने के बाद नीचे फर्श पर तेल या किसी दूसरे फ्लूइड के निशान दिखाई दें, तो कार को चेक करवाना चाहिए। इंजन ऑयल, कूलेंट या ब्रेक फ्लूइड का रिसाव अलग-अलग समस्याओं का संकेत हो सकता है। खासकर अगर रिसाव बढ़ रहा है या बार-बार दिखाई देता है, तो इसे अगली सर्विस तक टालना ठीक नहीं है।
AC की कूलिंग कम होना
अगर AC पहले जैसी ठंडी हवा नहीं दे रहा है, केबिन ठंडा होने में ज्यादा समय लग रहा है या AC चालू करते ही अजीब आवाज आती है, तो इसकी जांच करवानी चाहिए। AC की समस्या को लंबे समय तक टालने से छोटी खराबी आगे चलकर बड़ी समस्या बन सकती है।
