वियतनाम की वाहन निर्माता कंपनी विनफास्ट भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी 2027 में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन सेगमेंट में कदम रखेगी। इसके लिए तमिलनाडु के तूतीकोरिन स्थित अपने प्लांट में इलेक्ट्रिक स्कूटर का उत्पादन किया जाएगा। कंपनी की योजना अगले साल की पहली छमाही में दो मॉडल लॉन्च करने की है। इसके अलावा विनफास्ट भारत में दो नई इलेक्ट्रिक कारें भी पेश करेगी।
2027 में आएंगे दो इलेक्ट्रिक स्कूटर
2027 में आएंगे दो इलेक्ट्रिक स्कूटर
PTI/भाषा के मुताबिक विनफास्ट इंडिया में दोपहिया कारोबार के सीईओ अनुराग सक्सेना के मुताबिक, कंपनी के तूतीकोरिन प्लांट में दोपहिया वाहनों के उत्पादन के लिए एक अलग लाइन लगाई जा चुकी है। कंपनी फिलहाल भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार का अध्ययन कर रही है। शुरुआत में बैटरी से चलने वाले स्कूटर पेश किए जाएंगे। इनकी रेंज को लेकर न्यूनतम मानक तय किया जाएगा, हालांकि कंपनी ने अभी इसकी जानकारी नहीं दी है। कंपनी अपने स्कूटर में बैटरी स्वैपिंग यानी बैटरी बदलने की सुविधा देने पर भी विचार कर रही है। इसके लिए अलग-अलग शहरों में डीलरशिप नेटवर्क तैयार किया जा रहा है और कई समझौतों का परीक्षण अंतिम चरण में है।
दो नई इलेक्ट्रिक कारें भी होंगी लॉन्च
विनफास्ट भारत में फिलहाल VF 6, VF 7, VF MPV 7 और Limo Green जैसी चार इलेक्ट्रिक कारें बेचती है। कंपनी अगले साल की शुरुआत में VF 5 लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा दो नए इलेक्ट्रिक फोर-व्हीलर मॉडल भी लाने की योजना है।
एशिया में चार पहिया वाहन कारोबार के सीईओ तपन घोष के अनुसार, भारतीय ग्राहकों, खासकर पहली बार कार खरीदने वालों की पसंद कॉम्पैक्ट एसयूवी की ओर बढ़ रही है। कंपनी इसी मांग को ध्यान में रखकर नए मॉडल पेश करना चाहती है।
भारत में उत्पादन क्षमता बढ़ाने की तैयारी
कंपनी की योजना हर साल भारत में कम से कम दो नए कार मॉडल पेश करने की है। तूतीकोरिन प्लांट की मौजूदा सालाना उत्पादन क्षमता 50,000 कारों की है। इसे भविष्य में बढ़ाकर 1.5 लाख वाहन सालाना किया जा सकता है। विनफास्ट इस प्लांट से दूसरे एशियाई बाजारों की मांग भी पूरी करना चाहती है। फिलहाल कंपनी अपने वाहनों के करीब 15 फीसदी कलपुर्जे भारत से खरीदती है। इसे दोगुना करने की योजना है। अधिकारियों के मुताबिक, भारत में कंपनी की बिक्री शुरुआती 500 यूनिट प्रति माह से बढ़कर अब 2,500-3,000 यूनिट प्रति माह हो गई है।
भारत में 2 अरब डॉलर निवेश की योजना
विनफास्ट की मूल कंपनी विनग्रुप अब तक भारत में 50 करोड़ डॉलर का निवेश कर चुकी है। समूह की आने वाले समय में विभिन्न क्षेत्रों में 2 अरब डॉलर निवेश करने की योजना है। इसमें इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ चार्जिंग स्टेशन स्थापित करना भी शामिल है। कंपनी का लक्ष्य 2030 तक भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में मजबूत हिस्सेदारी हासिल करना है।
