Ultraviolette F77 Electric Bike India launch: बेंगलुरु आधारित स्टार्टअप अल्ट्रावॉयलेट ऑटोमोटिव ने भारत में अपनी दमदार इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल एफ77 लॉन्च कर दी है. नई अल्ट्रावॉयलेट एफ77 की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 3.8 लाख रुपये है जो टॉप मॉडल के लिए 4.55 लाख रुपये तक जाती है. इस ई-बाइक के टॉप मॉडल का नाम एफ77 रेकन है जिसे सिंगल चार्ज में 307 किमी तक चलाया जा सकता है. कंपनी ने ये इलेक्ट्रिक बाइक तीन ट्रिम्स - शेडो, लाइटनिंग और लेजर में पेश की है.
इस ई-बाइक के टॉप मॉडल का नाम एफ77 रेकन है जिसे सिंगल चार्ज में 307 किमी तक चलाया जा सकता है
2016 से तैयार की जा रही ई-बाइक
2016 से कंपनी एफ77 पर काम कर रही है और 2019 में पहली बार इसे पेश किया गया था. करीब 6 साल तक काम करने के बाद आखिरकार इसे मार्केट में पेश किया गया है. ये बाइक फाइटर जेट से प्रेरित है और इसीलिए पैना डिजाइन और शानदार स्टाइल इसे मिला है. दिखने में ये काफी खूबसूरत है और नई एफ77 बहुत साफ सुथरे तरीके से तैयार की गई है.
7 सेकंड में पकड़ती है 100 की स्पीड
एफ77 को बीएलडीसी ड्रायरेक्ट ड्राइव मोटर दी गई है जो 40.2 बीएचपी ताकत और 100 एनएम पीक टॉर्क बनाती है. सिर्फ 2.8 सेकंड में ये 0-60 किमी/घंटा रफ्तार पकड़ लेती है, वहीं इसे 0-100 किमी/घंटा स्पीड पकड़ने में 7 सेकंड लगते हैं. इसकी टॉप स्पीड 147 किमी/घंटा है. बाइक के साथ तीन राइडिंग मोड्स मिले हैं जिनमें ग्लाइट, कॉम्बैट और बेलिस्टिक आते हैं.
कितनी दमदार है बैटरी और रेंज
अल्ट्रावॉयलेट एफ77 के साथ 10.5 किलोवाट-आर फिक्स्ड बैटरी पैक दिया गया है जो सिंगल चार्ज में 307 किमी तक रेंज बाइक को देता है. ये भारत में अब तक किसी भी टू-व्हीलर में दिया गया सबसे बड़ा बैटरी पैक है. कंपनी ने इलेक्ट्रिक बाइक में लगी बैटरी पर 8 साल की वारंटी दी है. अगले हिस्से में यूएसडी फोर्क्स और पिछले हिस्से में मोनोशॉक सस्पेंशन लगाए गए हैं, वहीं अगला और पिछला पहिया क्रमशः 320 मिमी और 230 मिमी डिस्क ब्रेक्स के साथ आया है. इस ब्रेकिंग सिस्टम को डुअल-चैनल एबीएस मिला है.
