दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई शहरों में वायु प्रदूषण एक गंभीर समस्या बना हुआ है। खराब एयर क्वालिटी के बीच रोजाना कार से सफर करने वाले लोगों के लिए सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में कार खरीदते समय लोग अब केवल माइलेज, सेफ्टी और फीचर्स ही नहीं, बल्कि केबिन की हवा को साफ रखने वाले फीचर्स पर भी ध्यान दे रहे हैं। भारतीय बाजार में ऐसी 5 SUV मौजूद हैं, जिनमें कंपनी की तरफ से इन-बिल्ट एयर प्यूरीफायर दिया जाता है। आइए जानते हैं किन एसयूवी में इन-बिल्ट प्यूरीफायर (Built in Air Purifiers) की सुविधा मिलती है-
इन-बिल्ट एयर प्यूरीफायर के साथ आती हैं ये 5 एसयूवी
टाटा पंच (Tata Punch)
इस लिस्ट में सबसे सस्ती एसयूवी टाटा पंच है। इसमें Adventure और Accomplished वेरिएंट में इन-बिल्ट एयर प्यूरीफायर मिलता है। इनकी एक्स-शोरूम कीमत 7.77 लाख रुपये से 10.97 लाख रुपये के बीच है। खास बात है कि इसका एयर प्यूरीफायर इंफोटेनमेंट सिस्टम के साथ इंटीग्रेटेड है और इसे टचस्क्रीन से ऑपरेट किया जा सकता है।
मारुति सुजुकी ब्रेजा (Maruti Suzuki Brezza)
ब्रेजा के टॉप-स्पेक ZXI+ वेरिएंट में इन-बिल्ट एयर प्यूरीफायर दिया गया है। यह फीचर SUV के 10.1 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम में इंटीग्रेटेड है। एयर प्यूरीफायर वाले वेरिएंट की कीमत 11.26 लाख से 13.55 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।
किआ सोनेट (Kia Sonet)
किआ सोनेट के HTX, GTX+ और X-Line वेरिएंट में इन-बिल्ट एयर प्यूरीफिकेशन सिस्टम मिलता है। इनकी कीमत 11.60 लाख से 14.36 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है। यह सिस्टम भी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट यूनिट के जरिए ऑपरेट किया जा सकता है।
टाटा नेक्सन (Tata Nexon)
टाटा नेक्सन के Fearless+ वेरिएंट रेंज में इन-बिल्ट एयर प्यूरीफायर की सुविधा मिलती है। यह फीचर टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम के साथ जुड़ा हुआ है। संबंधित वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 12.42 लाख से 14.70 लाख रुपये के बीच है।
होंडा एलिवेट (Honda Elevate)
इस लिस्ट में होंडा एलिवेट सबसे महंगी SUV है। इसके चुनिंदा वेरिएंट में इन-बिल्ट एयर प्यूरीफायर मिलता है। इनकी कीमत 13.93 लाख से 18.40 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है। खरीदारी से पहले डीलरशिप से संबंधित वेरिएंट में इस फीचर की उपलब्धता जरूर जांच लें।
क्या प्रदूषण में फायदेमंद है एयर प्यूरीफायर?
कार में लगा एयर प्यूरीफायर केबिन के अंदर मौजूद कुछ हानिकारक कणों को फिल्टर करने में मदद कर सकता है। हालांकि, इससे कार पूरी तरह प्रदूषण मुक्त नहीं हो जाती। इसकी प्रभावशीलता फिल्टर की क्वालिटी, केबिन की सीलिंग और फिल्टर की स्थिति पर निर्भर करती है। इसलिए समय-समय पर केबिन एयर फिल्टर बदलना और कंपनी के मेंटेनेंस शेड्यूल का पालन करना जरूरी है।
