Tiger Shroff Car Attack: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) से जुड़ी फायरिंग की घटना ने सबको हैरान कर दिया है। मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम 18 अक्टूबर 2026 को टाइगर श्रॉफ की कार पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाईं। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्टर फुटबॉल खेलने के बाद घर लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी को निशाना बनाया गया। राहत की बात यह रही कि टाइगर इस घटना में गोली लगने से सुरक्षित बच गए। इस घटना के बाद उनकी लग्जरी कार BMW भी चर्चा में है। आइए इस कार की खासियत और इसके सेफ्टी फीचर्स के बारे में जानते हैं-
घटना के वक्त कौन-सी कार में सवार थे टाइगर श्रौफ
टाइगर श्रॉफ के पास कौन-सी कार है?
टाइगर श्रॉफ के पास BMW 3 Series Gran Limousine का 330Li पेट्रोल वेरिएंट है। साल 2023 में एक्टर के इस लग्जरी सेडान को खरीदने की खबर सामने आई थी। यह कार BMW की 3 सीरीज का लॉन्ग-व्हीलबेस मॉडल है, जिसमें खासतौर पर पीछे बैठने वाले यात्रियों के आराम और ज्यादा जगह का ध्यान रखा गया है।
कंपनी की BMW 3 Series Gran Limousine अपने शानदार डिजाइन, दमदार इंजन और आरामदायक केबिन के लिए जानी जाती है। BMW India की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, इस कार में आधुनिक तकनीक के साथ कई सेफ्टी फीचर्स भी दिए गए हैं।
शानदार है कार का डिजाइन
BMW 3 Series Gran Limousine का डिजाइन स्पोर्टी और प्रीमियम है। इसका लंबा व्हीलबेस कार को आकर्षक लुक देता है। सामने की तरफ BMW की सिग्नेचर किडनी ग्रिल और LED हेडलाइट्स मिलती हैं। इसमें अडेप्टिव LED हेडलाइट्स के साथ कॉर्नरिंग लाइट्स भी दी गई हैं, जो रात में मोड़ पर रोशनी बेहतर करने में मदद करती हैं। पीछे की तरफ 3D इफेक्ट वाली L-शेप LED टेललाइट्स दी गई हैं। वहीं, M Sport वेरिएंट में स्पोर्टी बंपर और एयरोडायनामिक डिजाइन देखने को मिलता है।
केबिन में मिलता है प्रीमियम अनुभव
इस कार की खासियत इसका बड़ा और आरामदायक केबिन है। लंबे व्हीलबेस के कारण पीछे बैठने वाले यात्रियों को पैर फैलाने के लिए ज्यादा जगह मिलती है। इसमें प्रीमियम इंटीरियर, एम्बिएंट लाइटिंग और आरामदायक सीटें दी गई हैं। मनोरंजन के लिए Harman Kardon सराउंड साउंड सिस्टम मिलता है। इसके अलावा, 14.9 इंच का टचस्क्रीन डिस्प्ले और 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले भी दिया गया है।
कितना दमदार है इंजन?
BMW 330Li M Sport में 2.0-लीटर, चार-सिलेंडर TwinPower Turbo पेट्रोल इंजन मिलता है। आधिकारिक स्पेसिफिकेशन के अनुसार, यह इंजन 258 hp की पावर और 400 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, यह कार 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार करीब 6.2 सेकंड में पकड़ सकती है। हालांकि, ये आंकड़े पुराने 330Li वेरिएंट के हैं।
कितनी मजबूत है BMW 330Li?
कार में एयरबैग, एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), डायनामिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल और साइड-इम्पैक्ट प्रोटेक्शन जैसे सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा, BMW Driving Assistant में लेन डिपार्चर वार्निंग, ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन और रियर कोलिजन वार्निंग जैसे फीचर्स शामिल हैं। पार्किंग के लिए कैमरा और पार्किंग असिस्टेंट जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं।
BMW की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, 3 Series Long Wheelbase की शुरुआती कीमत 62.70 लाख रुपये है।
