भारतीय बाइक बाजार में 150cc सेगमेंट हमेशा से काफी लोकप्रिय रहा है। इस सेगमेंट में रोजाना की जरूरत, माइलेज, परफॉर्मेंस और फीचर्स का बैलेंस देखने को मिलता है। Bajaj Pulsar 150 भी अब नए LCD इंस्ट्रूमेंट कंसोल और कुछ अपडेटेड फीचर्स के साथ आ गई है। ऐसे में इसका मुकाबला Honda Unicorn और Yamaha FZ-S Fi V4 जैसी बाइक्स से और भी दिलचस्प हो गया है। आइए जानते हैं इन तीनों में कौन सी बाइक किस मामले में आगे है।
150cc सेगमेंट की महाजंग: Bajaj Pulsar, Honda Unicorn और Yamaha FZ-S V4 में कौन है असली किंग?
इंजन और परफॉर्मेंस में किसका पलड़ा भारी?
Honda Unicorn इस मुकाबले में टॉर्क के मामले में सबसे आगे नजर आती है। इसका इंजन कम RPM पर भी बेहतर टॉर्क देता है, जिससे शहर में रोजाना चलाने के लिए यह बाइक काफी आसान और आरामदायक बन जाती है। इसके साथ 7500rpm मिलता है।
वहीं Bajaj Pulsar 150 अपनी स्पोर्टी परफॉर्मेंस और भरोसेमंद इंजन के लिए जानी जाती है। दूसरी ओर Yamaha FZ-S V4 का इंजन स्मूद और रिफाइंड है, जो लंबी दूरी और रोजाना इस्तेमाल के लिए अच्छा विकल्प बनाता है।
सस्पेंशन और राइडिंग आराम में अंतर
सस्पेंशन की बात करें तो Honda Unicorn और Yamaha FZ-S V4 में मोनोशॉक सेटअप दिया गया है, जो ज्यादा एडवांस माना जाता है। यह खराब सड़कों और गड्ढों को बेहतर तरीके से संभाल सकता है। वहीं Bajaj Pulsar 150 में ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं, हालांकि इसमें गैस-चार्ज्ड सस्पेंशन मिलता है, जिससे इसकी परफॉर्मेंस मोनोशॉक सेटअप के काफी करीब रहती है।
ब्रेकिंग और सेफ्टी फीचर्स में मुकाबला
ब्रेकिंग के मामले में Yamaha FZ-S V4 और Bajaj Pulsar 150 मजबूत दावेदार हैं। Pulsar 150 के टॉप वेरिएंट में डुअल चैनल ABS मिलता है, जो सुरक्षा के लिहाज से बेहतर है। Yamaha FZ-S V4 में ट्रैक्शन कंट्रोल फीचर दिया गया है, जो फिसलन वाली सड़कों पर बाइक को ज्यादा सुरक्षित बनाता है। वहीं Honda Unicorn का फोकस ज्यादा आरामदायक और भरोसेमंद राइड पर है।
शहर में चलाने के लिए कौन सी बाइक बेहतर?
Honda Unicorn का फ्रंट टायर सबसे पतला है, जिससे इसे ट्रैफिक में एक तरफ से दूसरी तरफ मोड़ना आसान हो जाता है, हालांकि हाई स्पीड पर Yamaha FZ-S और Pulsar 150 जैसी बाइक ज्यादा स्थिर महसूस हो सकती हैं। ग्राउंड क्लीयरेंस की बात करें तो Honda Unicorn इस मामले में मजबूत है, जिससे खराब भारतीय सड़कों पर इसे चलाना आसान होता है।
| इंजन स्पेसिफिकेशन | Bajaj Pulsar 150 | Honda Unicorn | Yamaha FZ-S FI V4 |
|---|---|---|---|
| इंजन डिस्प्लेसमेंट | 149.5cc | 162.7cc | 149cc |
| अधिकतम टॉर्क | 13.25 Nm @ 6500 rpm | 14 Nm @ 5500 rpm | 13.3 Nm @ 5500 rpm |
| अधिकतम पावर | 13.81 bhp @ 8500 rpm | 12.73 bhp @ 7500 rpm | 12.2 bhp @ 7250 rpm |
फीचर्स में कौन आगे?
फीचर्स के मामले में Honda Unicorn सबसे पीछे दिखाई देती है। इसमें साधारण एनालॉग इंस्ट्रूमेंट कंसोल मिलता है और Bluetooth कनेक्टिविटी व LED फीचर्स की कमी है। Bajaj Pulsar 150 में नया LCD इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया गया है, जिसमें Bluetooth कनेक्टिविटी के जरिए कॉल और SMS अलर्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं। Yamaha FZ-S V4 में भी LCD स्क्रीन के साथ Bluetooth कनेक्टिविटी मिलती है। इसके Y-Connect एप के जरिए कॉल, SMS, ईमेल अलर्ट और फोन बैटरी स्टेटस जैसी जानकारी मिलती है।
कीमत और वैल्यू फॉर मनी के हिसाब से कौन बेहतर?
Honda Unicorn इस तुलना में सबसे किफायती बाइक है। इसका कारण इसका सिंपल डिजाइन और कम फीचर्स वाला सेटअप है। अगर किसी ग्राहक को सिर्फ भरोसेमंद इंजन और रोजाना की कम्यूटिंग के लिए बाइक चाहिए तो Unicorn एक मजबूत विकल्प है। Yamaha FZ-S V4 थोड़ी महंगी है, लेकिन इसमें बेहतर फीचर्स, स्मूद इंजन और प्रीमियम फील मिलता है।
Bajaj Pulsar 150 उन ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प बनती है जो स्पोर्टी लुक, फीचर्स और रोजाना इस्तेमाल का संतुलन चाहते हैं। पल्सर की कीमत 1.10 लाख रुपये से शुरू होती है, वहीं, होंडा यूनिकॉर्न 1.09 लाख और यामहा की बाइक 1.29 लाख रुपये से शुरू होती है।
कौन है 150cc सेगमेंट का असली किंग?
अगर आरामदायक और भरोसेमंद रोजाना इस्तेमाल की बात करें तो Honda Unicorn मजबूत दावेदार है। वहीं फीचर्स और मॉडर्न टेक्नोलॉजी के मामले में Yamaha FZ-S V4 आगे निकलती है, लेकिन Bajaj Pulsar 150 स्पोर्टी डिजाइन, बेहतर फीचर्स और कम्यूटिंग क्षमता के कारण दोनों के बीच संतुलन बनाने वाली बाइक साबित होती है। यही वजह है कि 150cc सेगमेंट की इस महाजंग में Pulsar 150 अभी भी सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल है।
