भारतीय ग्राहकों के बीच लंबे समय से चर्चा में रही Tata Sierra EV अब लॉन्च के लिए पूरी तरह तैयार है। आधिकारिक लॉन्च से पहले टाटा मोटर्स ने इस इलेक्ट्रिक एसयूवी के कई महत्वपूर्ण फीचर्स और तकनीकी जानकारियों का खुलासा कर दिया है। Tata Sierra EV 30 जून 2026 को पेश होने जा रही है। इसी के साथ यह कंफर्म हो चुका है कि नई Tata Sierra EV की सबसे बड़ी खासियत इसका QWD (Quad Wheel Drive) सिस्टम होगा।
Tata Sierra EV
EV में मिलेगा 'क्वाड व्हील ड्राइव' का दम
यह मूल रूप से एक ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) तकनीक है, जिसमें दो इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल किया जाता है। इनमें से एक मोटर फ्रंट एक्सल और दूसरी रियर एक्सल पर लगाई जाती है। यह सिस्टम अलग-अलग तरह के रास्तों पर बेहतर ग्रिप और परफॉर्मेंस देने में मदद करेगा। ऐसा ही QWD सेटअप पहले से Tata Harrier EV के टॉप-एंड वेरिएंट में उपलब्ध है। माना जा रहा है कि Sierra EV भी इसी पावरट्रेन को साझा कर सकती है, हालांकि इसके परफॉर्मेंस आंकड़े कुछ अलग हो सकते हैं।
500 किलोमीटर से ज्यादा रेंज की उम्मीद
Tata Sierra EV के लोअर और मिड-स्पेक वेरिएंट्स में 65kWh बैटरी पैक और सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर दिए जाने की उम्मीद की जा रही है। हालांकि कंपनी ने अभी तक इसकी आधिकारिक ड्राइविंग रेंज की घोषणा नहीं की है, लेकिन यह इलेक्ट्रिक एसयूवी फुल चार्ज पर 500 किलोमीटर से अधिक की रेंज देने में सक्षम हो सकती है। लंबी रेंज के कारण यह एसयूवी शहर के साथ-साथ लंबी दूरी की यात्राओं के लिए भी एक आकर्षक विकल्प बन सकती है।
डिजाइन में दिखेगा EV वाला अलग अंदाज
नई Sierra EV को उसके पेट्रोल-डीजल मॉडल से अलग पहचान देने के लिए कई खास डिजाइन एलिमेंट्स दिए जाएंगे। डुअल-मोटर QWD वर्जन में टेलगेट पर ‘QWD’ बैज देखने को मिलेगा। इसके अलावा क्लोज्ड-ऑफ फ्रंट ग्रिल, नए बंपर और एयरो-ऑप्टिमाइज्ड अलॉय व्हील्स इसे एक आधुनिक इलेक्ट्रिक एसयूवी का लुक देंगे।
फीचर्स की होगी भरमार
फीचर्स के मामले में भी Tata Sierra EV काफी एडवांस होने वाली है। इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay कनेक्टिविटी, 13-स्पीकर JBL ऑडियो सिस्टम, ऑगमेंटेड रियलिटी हेड-अप डिस्प्ले (HUD), 6-वे पावर्ड ड्राइवर सीट और iRA कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। इसके अलावा, सुरक्षा के लिए इसमें 6 एयरबैग, ट्रैक्शन कंट्रोल, लेवल-2 ADAS और रियर एसी वेंट्स जैसे फीचर्स भी दिए जाएंगे।
किन इलेक्ट्रिक एसयूवी से होगा मुकाबला
भारतीय बाजार में लॉन्च होने के बाद Tata Sierra EV का मुकाबला Maruti Suzuki e Vitara, Hyundai Creta Electric, Mahindra BE 6 और MG ZS EV जैसी इलेक्ट्रिक एसयूवी से होगा। कीमत की बात करें तो इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत 18 लाख रुपये से 25 लाख रुपये के बीच रखी जा सकती है।
