Electric Cars In India: स्टेलान्टिस जानी-मानी ग्लोबल कार निर्माता कंपनी है। भारत में जीप और सिट्रोएन जैसे ब्रैंड्स की कारों का निर्माण और इनकी बिक्री स्टेलान्टिस ही करती है। अब हाल ही में स्टेलान्टिस ने चीनी कार निर्माता कंपनी लीपमोटर के साथ अपने जॉइंट वेंचर को लेकर जानकारी साझा की है। 2024 के अंत तक स्टेलान्टिस विश्व की प्रमुख ग्लोबल मार्केटों में लीपमोटर की इलेक्ट्रिक कारों का निर्माण और इनकी बिक्री शुरू कर देगी। भारतीय कार मार्केट भी कंपनी के इस प्लान का हिस्सा है। हालांकि अभी कंपनी ने यह नहीं बताया है कि भारत में लीपमोटर की कौन सी कारों की एंट्री होगी। लेकिन रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी भारत में लीपमोटर T03 इलेक्ट्रिक हैचबैक और C10 SUV को लॉन्च कर सकती है। आइये जानते हैं कि इन कारों में क्या कुछ है खास और भारतीय कार मार्केट में ये कारें किस कंपनी की गाड़ियों के लिए मुसीबत बन सकती हैं।
भारत में एंट्री लेंगी चीनी कंपनी की इलेक्ट्रिक कारें
लीपमोटर की कारों में क्या है खास?
लीपमोटर T03 एक ऑल-इलेक्ट्रिक हैचबैक है। इस कार की लंबाई 3.6 मीटर है और एक बार चार्ज करने पर यह कार 265 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है। दूसरी तरफ लीपमोटर की C10 SUV है। यह एक 5 सीटर SUV है और साइज और स्पेस के मामले में बहुत हद तक MG की हेक्टर SUV के करीब है। जहां T03 केवल ऑल-इलेक्ट्रिक ऑप्शन में उपलब्ध है, वहीं C10 ऑल इलेक्ट्रिक के साथ ही रेंज-एक्सटेंडर ऑप्शन में भी मौजूद है।
भारत में किन कारों से होगा मुकाबला?
T03 एक ऑल इलेक्ट्रिक हैचबैक है और भारत में यह कार टाटा टिआगो EV के लिए मुसीबत बन सकती है। दूसरी तरफ C10 SUV भारत में बिकने वाली 5 सीटर MG हेक्टर SUV से मुकाबला कर सकती है। भारत में अभी चीनी कंपनियों की कारों का भविष्य साफ नहीं है। ऐसे में देखना ये होगा कि स्टेलान्टिस भारत में मौजूद अपने प्लांट में लीपमोटर की कारों को बनाएगी या फिर सीधा चीन से इन्हें इम्पोर्ट करेगी।
