2023 MG Hector Facelift: भारतीय मार्केट में एमजी हैक्टर ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है और फुल साइज एसयूवी पसंद करने वालों के लिए कंपनी इसका नया मॉडल लेकर आई है. 2023 एमजी हैक्टर से पर्दा हटा लिया गया है और 11 जनवरी को इसकी कीमत का ऐलान किया जाएगा. नई हैक्टर फेसलिफ्ट को कई बड़े बदलावों के साथ पेश किया गया है जिसमें एक्सटीरियर और इंटीरियर के अलाव नए फीचर्स शामिल हैं. कंपनी ऑटो एक्सपो 2023 में नई एमजी हैक्टर फेसलिफ्ट और हैक्टर प्लस फेसलिफ्ट की कीमत उजागर करने वाली है.
कंपनी ऑटो एक्सपो 2023 में नई एमजी हैक्टर फेसलिफ्ट और हैक्टर प्लस फेसलिफ्ट की कीमत उजागर करने वाली है.
बाहर से कितनी बदली
नई हैक्टर फेसलिफ्ट को देखते ही सबसे पहले नजर में इसकी नई बड़े साइज की डायमंड ग्रिल आती है. क्रोम से लैस इस ग्रिल ने एसयूवी के चेहरे को काफी नयापन दिया है और ये दमदार एसयूवी अब नए ड्यून ब्राउन रंग में भी उपलब्ध है. साइड प्रोफाइल में ज्यादा बदलाव नहीं हुए हैं और ये पहले की तरह 18-इंच अलॉय व्हील्स के साथ मार्केट में आई है. साइड की जगह अब सिर्फ पिछले हिस्से में इंटरनेट इन्साइड बैज मिला है और अब यहां एडीएएस बैज ने भी अपनी जगह बना ली है.
केबिन और फीचर्स भी नए
2023 एमजी हैक्टर का केबिन सही मायनों में बड़े बदलावों के साथ आया है जहां नई ब्लैक एंड व्हाइट इंटीरियर थीम, 14-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, नई डिजाइन के एसी वेंट्स, पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वॉइस कमांड वाली एंबिएंट लाइटिंग एसयूवी के केबिन में दिए गए हैं. नई हैक्टर फेसलिफ्ट में सबसे बड़ा फीचर लेवल 2 एडीएएस है, एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंट सिस्टम के अंतर्ग कार के साथ लेन कीप असिस्ट, फॉर्वर्ड कोलिजन वार्निंग के साथ इमरजेंसी ब्रेकिंग, अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, ट्रैफिक जाम असिस्ट और हाई बीम असिस्ट जैसे फीचर्स जुड़ते हैं.
कोई तकनीकी बदलाव नहीं
एमजी ने हैक्टर फेसलिफ्ट में मौजूदा एसयूवी वाले इंजन विकल्प दिए हैं जिनमें 1.5-लीटर पेट्रोल, 1.5-लीटर पेट्रोल हाइब्रिड और 2.0-लीटर डीजल इंजन शामिल हैं. कंपनी ने इन तीनों इंजन के साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्प दिए हैं. भारतीय मार्केट में लॉन्च होने के बाद नई एमजी हैक्टर और हैक्टर प्लस का मुकाबला महिंद्रा एक्सयूवी700, टाटा सफारी और ह्यून्दे एल्कजार से होने वाला है.
