MG Comet Fast Charging: एमजी मोटर इंडिया ने अपनी सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार कॉमेट के साथ एक बहुत महत्वपूर्ण अपडेट दिया है। इस ईवी की सबसे बड़ी परेशानी को सुलझा दिया गया है और कंपनी ने कॉमेट के दो महंगे वेरिएंट्स को फास्ट चार्जिंग विकल्प दिया है। एमजी कॉमेट के एक्साइट और एक्सक्लूसिव वेरिएंट्स के साथ ये फीचर मिला है जिनकी एक्सशोरूम कीमत क्रमशः 8.78 लाख और 9.14 लाख रुपये है। इन वेरिएंट्स को नया 7.4 किलोवाट एसी चार्जर दिया गया है जो संभवतः 2 घंटे में ईवी को फुल चार्ज कर देगा। हालांकि कंपनी ने अब तक चार्जिंग के समय में आई कटौती की घोषणा नहीं की है।
कंपनी ने कॉमेट के दो महंगे वेरिएंट्स को फास्ट चार्जिंग विकल्प दिया है।
7 लाख से कम कीमत!
एमजी मोटर इंडिया ने पिछले साल करीब 8 लाख रुपये शुरुआती एक्सशोरूम कीमत पर अपनी सबसे सस्ती कॉमेट ईवी लॉन्च की थी। कंपनी ने कुछ समय पहले ही छोटे साइज की इस इलेक्ट्रिक कार को 7 लाख रुपये से भी कम एक्सशोरूम कीमत पर पेश किया है। दरअसल, कंपनी अपनी 100वीं वर्षगांठ भारत में भी मना रही है और इसी के चलते कॉमेट ईवी की कीमत में 1 लाख रुपये तक कटौती की गई है। अगर आप जल्द ही इस इलेक्ट्रिक कार को खरीदने वाले हैं तो इस समय ये आपको 6.99 लाख रुपये एक्सशोरूम कीमत पर उपलब्ध होगी।
आराम से बैठते हैं 4 लोग
एमजी इंडिया ने नई कॉमेट ईवी को काफी आकर्षक प्राइस टैग के साथ लॉन्च किया है जिसके बाद इसका सीधा मुकाबला टाटा टिआगो ईवी से हो रहा है। इसके अलावा सिट्रॉएन की हालिया लॉन्च ईसी3 से भी ये टक्कर मोल लेगी। दो दरवाजों वाली ये कॉॅम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार है जो 4 लागों के लिए पर्याप्त स्पेस वाले सीटिंग लेआउट में आती है। आकार की बात करें तो एमजी कॉमेट की हाइट 1,640 मिमी है और इसकी चौड़ाई 1,550 मिमी है। इस कार के साथ 12-इंच के स्टील व्हील्स दिए गए हैं।
सिंगल चार्ज में कितना चलेगी
एमजी कॉमेट के साथ 17.3 किलोवाट-आर बैटरी पैक दिया गया है, इसे लेकर कंपनी ने दावा किया है कि सिंगल चार्ज में नई ईवी को 230 किमी तक चलाया जा सकता है। बेहतर ड्राइविंग एक्सपीरियंस के लिए यहां तीन ड्राइविंग मोड्स - ईको, नॉर्मल और स्पोर्ट दिए गए हैं। कार के पिछले एक्सल पर सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर लगी है जो 41 एचपी ताकत और 110 एनएम पीक टॉर्क बनाती है, वहीं कॉमेट की टॉप स्पीड 100 किमी/घंटा है।
फीचर्स में भी पैसा वसूल
कॉमेट एमजी ने कॉमेट इलेक्ट्रिक कार के साथ दो 12.5-इंच के स्क्रीन दिए हैं जिनमें से पहला इंफोटेनमेंट डिस्प्ले है। ये ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो के अलावा कई थर्ड पार्टी ऐप्स भी सपोर्ट करता है। दूसरा स्क्रीन पूरी तरह डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले है। कार में आपको कोई डैशबोर्ड नहीं मिलेगा, लेकिन सामान रखने के लिए काफी जगह दी गई है, यहां तक कि बैग टांगने के लिए हुक भी मिले हैं। ये कार सिंगल टोन कलर में व्हाइट, ब्लैक और सिल्वर विकल्प में आई है, वहीं डुअल-टोन कलर्स में ग्राहकों को ग्रीन के साथ ब्लैक रूफ और व्हाइट के साथ ब्लैक रूप मिलेगी।
