Jaguar Land Rover: जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा है कि जगुआर का पूरी तरह से इलेक्ट्रिक लग्जरी ब्रांड के रूप में विकास तय योजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने साथ ही कहा कि कंपनी का पहला नया मॉडल 2025 में पेश किया जाएगा। उन्होंने 2022-23 के लिए कंपनी की सालाना रिपोर्ट में शेयरधारकों को बताया कि ब्रिटेन स्थित कार मैन्युफैक्चरिंग कंपनी एक आधुनिक लग्जरी कंपनी में बदलने के लिए पूरी तरह से तैयार है। बताते चलें कि जगुआर लैंड रोवर 2008 से टाटा मोटर्स की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडरी कंपनी है।
पिछले वित्त वर्ष में जगुआर लैंड रोवर को करना पड़ा कई दिक्कतों का सामना
चंद्रशेखरन ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष में ब्रांड को मुश्किल कारोबारी माहौल का सामना करना पड़ा। इसमें इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कमी जैसे कई मुद्दे शामिल थे। चंद्रशेखरन ने कहा कि यूक्रेन में युद्ध के बाद जेएलआर को सेमीकंडक्टर की कमी और ऊर्जा आपूर्ति में चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
मॉडर्न लग्जरी व्हीकल बिजनेस बनने के लिए तैयार हैं जगुआर लैंड रोवर
उन्होंने शेयरधारकों को बताया, ‘‘इस संदर्भ में, मुझे खुशी है कि कंपनी अपनी बदलाव की यात्रा में अच्छी तरह आगे बढ़ रही है और खुद को एक मॉडर्न लग्जरी व्हीकल बिजनेस बनाने के लिए तैयार है।’’
कंपनी ने बढ़ाया रेंज रोवर, रेंज रोवर स्पोर्ट और डिफेंडर का प्रोडक्शन
चंद्रशेखरन ने कहा कि आपूर्ति श्रृंखला की चुनौतियों से निपटने के लिए किए गए उपायों के नतीजे मिलने शुरू हो गए हैं, और कंपनी ने रेंज रोवर, रेंज रोवर स्पोर्ट और डिफेंडर वाहनों का उत्पादन बढ़ा दिया है।
भाषा इनपुट्स के साथ
