कार चलाते समय अगर आप ट्रैफिक नियमों का पालन करते हैं और सुरक्षित तरीके से ड्राइविंग करते हैं तो इसका फायदा आपके कार इंश्योरेंस में मिल सकता है। दरअसल, हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने अपने चुनिंदा ब्लूलिंक ग्राहकों के लिए Usage-Based Insurance (UBI) की शुरुआत की है। इस सुविधा के तहत ग्राहकों को उनकी ड्राइविंग हैबिट के आधार पर एक स्कोर दिया जाएगा। इस स्कोर के आधार पर ग्राहकों को इंश्योरेंस रिन्यू करवाने के दौरान प्रीमियम में अतिरिक्त छूट और दूसरे फायदे मिल सकते हैं।
Hyundai ने पेश की एक नई इंश्योरेंस स्कीम
क्या है Hyundai की Usage-Based Insurance स्कीम?
हुंडई की इस नई पहल का उद्देश्य सुरक्षित ड्राइविंग को बढ़ावा देना और जिम्मेदार ड्राइवरों को आर्थिक लाभ पहुंचाना है। इसके लिए कंपनी अपनी कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी ब्लूलिंक का इस्तेमाल करेगी। इस टेक्नोलॉजी की मदद से कार के इस्तेमाल और ड्राइविंग बिहेवियर से जुड़ा डेटा जुटाया जाएगा। इसके आधार पर ग्राहकों का एक पर्सनलाइज्ड ड्राइविंग स्कोर तैयार होगा।
इस प्रक्रिया में Hyundai India Insurance Broking (HIIB) मिडिएटर की भूमिका निभाएगी। यह कंपनी हुंडई और पार्टिसिपेटिंग इंश्योरेंस कंपनियों के बीच ग्राहक की सहमति से ड्राइविंग स्कोर साझा करने में मदद करेगी। इसके बाद इंश्योरेंस कंपनियां इस स्कोर के आधार पर प्रीमियम में छूट का लाभ दे सकती हैं।
इन बातों के आधार पर तय होगा ड्राइविंग स्कोर
हुंडई की UBI स्कीम में ड्राइविंग स्कोर तय करने के लिए पिछले तीन महीनों के ड्राइविंग बिहेवियर को देखा जाएगा। इसमें मुख्य रूप से तीन तरह के पैरामीटर शामिल होंगे।
ड्राइविंग डायनेमिक्स: इसमें अचानक एक्सीलरेशन, तेजी से गाड़ी धीमी करना और अचानक ब्रेक लगाने जैसी आदतों को देखा जाएगा।
स्पीड कंट्रोल: ड्राइवर किस तरह गाड़ी की रफ्तार नियंत्रित करता है, इसका आकलन किया जाएगा।
इडलिंग बिहेवियर: गाड़ी चालू रखकर लंबे समय तक खड़े रहने की आदत को भी स्कोर में शामिल किया जाएगा।
खास बात है कि इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए ग्राहकों को कार में कोई अतिरिक्त डिवाइस या सेंसर लगवाने की जरूरत नहीं होगी।
70 या उससे ज्यादा स्कोर पर मिल सकता है फायदा
ग्राहक ब्लूलिंक ऐप पर अपना यूबीआई ड्राइविंग स्कोर देख सकेंगे। जिन ग्राहकों की इंश्योरेंस पॉलिसी अगले 90 दिनों में एक्सपायर होने वाली है, वे अपना स्कोर चेक कर संभावित इंश्योरेंस लाभों की जानकारी ले सकेंगे। अगर किसी ग्राहक का स्कोर 70 या उससे अधिक है, तो उसे इंश्योरेंस प्रीमियम में छूट मिल सकती है। हालांकि, यह लाभ संबंधित इंश्योरेंस कंपनी की अंडरराइटिंग पॉलिसी और नियमों पर निर्भर करेगा। वहीं, 70 से कम स्कोर वाले ग्राहकों को बेहतर ड्राइविंग के लिए पर्सनलाइज्ड टिप्स दिए जाएंगे, ताकि वे अपनी ड्राइविंग आदतों में सुधार कर सकें।
