Hyundai Creta Recall: ह्यून्दे इंडिया ने प्री-फेसलिफ्ट मॉडल क्रेटा के आईवीटी वेरिएंट्स का रिकॉल जारी किया है। हाल में कंपनी ने 2024 क्रेटा एसयूवी लॉन्च की है जिसके कुछ ही दिन बाद ये रिकॉल किया गया है। कुछ समय पहले ही ह्यून्दे वर्ना के लिए भी रिकॉल जारी किया गया था और ह्यून्दे की मानें तो ईओपी कंट्रोलर में संभावित खराबी के चलते इन्हें वापस बुलाया गया था। कंपनी ने अब तक ये साफ नहीं किया है कि कितनी क्रेटा एसयूवी रिकॉल की गई हैं और इन्हें किस खराबी के चलते वापस बुलाया जा रहा है। इसके अलावा कार के उत्पादन की अवधि का भी अब तक पता नहीं लगा है।
हाल में कंपनी ने 2024 क्रेटा एसयूवी लॉन्च की है जिसके कुछ ही दिन बाद ये रिकॉल किया गया है।
10 लाख क्रेटा बिक गईं
ह्यून्दे इंडिया ने 2015 में पहली बार क्रेटा एसयूवी को लॉन्च किया था और तब से लेकर अब तक इसकी बिक्री में कमी नहीं आई है। अब कंपनी ने जानकारी दी है कि इस एसयूवी की 10 लाख यूनिट सिर्फ भारतीय मार्केट में बिक गई हैं। इसके अलावा कंपनी ने इस मिड साइज एसयूवी की 2.80 लाख यूनिट विदेशों में भी निर्यात की गई हैं। यानी 8 साल से कुछ समय ज्यादा में ही कंपनी ने बिक्री में ये मील का पत्थर कायम कर दिया है। कुल मिलाकर 9 साल से भी कम समय में 12.80 लाख क्रेटा बिक चुकी हैं। इस बिक्री में नई क्रेटा फेसलिफ्ट तेजी से इजाफा कर रही है। जानें इसके बारे में सब कुछ।
नए में क्या-क्या मिला
2024 ह्यून्दे क्रेटा का चेहरा काफी बदल गया है जिसमें बड़े साइज की ग्रिल, अपडेटेड प्रोजेक्टर एलईडी हेडलाइट्स, एच शेप के डीआरएल और नया कनेक्टेड एलईडी टेललैंप सेटअप शामिल हैं। यहां दूसरी डिजाइन का बंपर और छप पर लगा स्पॉइलर के अलावा बदला हुआ टेलगेट भी मिला है। कंपनी ने इस एसयूवी को 7 वेरिएंट्स - ई, ईएक्स, एस, एस ऑप्शनल, एसएक्स, एसएक्स टेक और एसएक्स ऑप्शनल में उपलब्ध कराया है। ग्राहकों के पास चुनने के लिए 6 मोनोटोन और एक डुअल टोन कलर ऑप्शन हैं, इनमें रोबस्ट एमेरल्ड पर्ल कलर नया है। कंपनी का दावा है कि नई क्रेटा 21.8 किमी/लीटर तक माइलेज देगी।
फीचर्स से लोडेड केबिन
ह्यून्दे की नई क्रेटा का केबिन अब हाइटेक फीचर्स से लोडेड हो गया है। एसयूवी के साथ दो नए 10.25-इंच स्क्रीन दिए गए हैं, इनमें एक इंफोटेनमेंट सिस्टम और दूसरा फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए है। इसके डैशबोर्ड पर भी नए डिजाइन एलिमेंट्स दिए गए हैं जिससे इसे ताजा लुक मिला है। पूरे केबिन को ताजा लुक देने के लिए एसयूवी में नई अपहोल्स्ट्री दी गई है जो इसे पहले से आकर्षक बनाती है। केबिन में आपको बेहतरीन वाइब देने के लिए एसयूवी को कई रंगों वाली एंबिएंट लाइटिंग भी दी गई है।
कितना दमदार है इंजन
2024 ह्यून्दे क्रेटा के साथ तीन इंजन विकल्प दिए गए हैं, इनमें पहले से मिल रहे 1.5-लीटर पेट्रोल और डीजल इंजन शामिल हैं। एसयूवी को नया 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है जो लेटेस्ट जनरेशन वर्ना में भी मिला है। पहले के दोनों इंजन क्रमशः 113 बीएचपी और 114 बीएचपी ताकत बनाते हैं, वहीं इनके साथ 6-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड आईवीटी और 6-सपीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन विकल्प मिले हैं। टर्बो पेट्रोल इंजन काफी दमदार है और 157 बीएचपी के साथ 253 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी ने इसके साथ सिर्फ 7-स्पीड डीसीटी ट्रांसमिशन दिया है।
सेफ्टी फीचर्स भी जोरदार
नई क्रेटा एसयूवी को लेवल 2 एडीएएस के अलावा डुअल जोन क्लाइमेट कंट्रोल, 19 कनेक्टेड फीचर्स, 360 डिग्री कैमरा, 6 एयरबैग्स, चारों पहियों में डिस्क ब्रेक्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, 360 डिग्री कैमरा और ऐसे ही कई हाइटेक फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी ने नई एसयूवी की मजबूती पर भी खासा ध्यान दिया है और इसकी बॉडी पहले से कहीं ज्यादा सख्त हो गई है। इन फीचर्स के साथ आई 2024 ह्यून्दे क्रेटा में यात्रा करना अब लोगों के लिए पिछले मॉडल के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित होने वाला है।
