Honda Activa Electric: होंडा का एक्टिवा स्कूटर भारत में खूब पसंद किया जाता है और अब कंपनी इसका नया अवतार लॉन्च करने वाली है। लंबे समय से मार्केट में एक्टिवा इलेक्ट्रिक को लेकर अफवाह चल रही है, इस समय मुकाबले को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि कंपनी इसकी बिक्री जल्द शुरू करेगी। यानी अब आपकी एक्टिवा बिना पेट्रोल के चलेगी और इसके मेंटेनेंस पर भी ना के बराबर खर्च होगा। हालांकि इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स में एक बड़ा खर्च हर 5-7 साल में आता है जब इसकी बैटरी को रिप्लेस करना होता है। फिलहाल भारतीय मार्केट में इलेक्ट्रिक व्हीकल बैटरी महंगी है, लेकिन आने वाले समय में इनकी कीमत कम होने की पूरी संभावना है।
अब आपकी एक्टिवा बिना पेट्रोल के चलेगी और इसके मेंटेनेंस पर भी ना के बराबर खर्च होगा।
प्रोडक्शन प्लांट तैयार!
हालिया रिपोर्ट्स में सामने आया है कि होंडा ने अपने गुजरात और कर्नाटक प्लांट में बढ़ती मांग को देखते हुए दो मैन्युफैक्चरिंग लाइन शुरू कर दी हैं। इसके अलावा होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया अपने कर्नाटक प्लांट को इलेक्ट्रिक स्कूटर्स के लिए भी तैयार कर रही है। बता दें कि दिसंबर 2024 से इसका प्रोडक्शन शुरू हो सकता है, वहीं 2025 की शुरुआत तक कंपनी अपना पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च कर देगी। बड़ी संभावना है कि होंडा का पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर एक्टिवा इलेक्ट्रिक होने वाला है।
कैसी होगी एक्टिवा इलेक्ट्रिक
रिपोर्ट्स में सामने आया है कि शुरूआती दौर में एक्टिवा इलेक्ट्रिक स्कूटर सिर्फ ईवी मार्केट में एंट्री के हिसाब से पेश किया जाएगा। असल में ये होंडा एक्टिवा को हल्के बदलावों वाला इलेक्ट्रिक वर्जन होगा और इसे डेडिकेटेड ईवी प्लेटफॉर्म पर तैयार नहीं किया जाएगा। कुल मिलाकर मुकाबले के हिसाब से एक्टिवा इलेक्ट्रिक में कोई आकर्षित करने वाला फैक्टर नहीं होगा। इसके साथ फिक्स्ड बैटरी पैक मिलने का अनुमान है और इसकी टॉप स्पीड करीब 50 किमी/घंटा होगी। इसका मुकाबला भारत में ओला इलेक्ट्रिक और एथर एनर्जी जैसे ब्रांड्स से होने वाला है।
