Honda Elevate Bookings Open: होंडा भारतीय मार्केट में नई मिडसाइज एसयूवी से पर्दा हटा चुकी है जिसका नाम एलिवेट है और कंपनी ने 3 जुलाई से इस कार की बुकिंग शुरू कर दी है। इसमें दिलचस्पी रखने वाले 21,000 रुपये देकर नई एलिवेट बुक कर सकते हैं। सूत्रों की मानें तो अगस्त के अंत या सितंबर की शुरुआत तक इस एसयूवी की डिलीवरी शुरू कर दी जाएगी। इसके अलावा जुलाई के अंत तक ग्राहकों को शोरूम में ये कार देखने को मिल जाएगी और अगस्त की शुरुआत से इसकी टेस्ट ड्राइव भी शुरू कर दी जाएगी।
अगस्त की शुरुआत से इसकी टेस्ट ड्राइव शुरू कर दी जाएगी।
कितना दमदार है इंजन
होंडा ने एलिवेट एसयूवी के साथ 1.5-लीटर आई-वीटेक डीओएचसी पेट्रोल इंजन दिया है जो वीटीसी के साथ आता है। कंपनी ने इस इंजन को 6-स्पीड मैनुअल और सीवीटी ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से लैस किया है। ये काफी दमदार इंजन है जो 121 पीएस ताकत और 145 न्यूटन मीटर टॉर्क बनाता है। डायमेंशन की बात करें तो नई होंडा एलिवेट की लंबाई 4,312 मिमी है और इसकी चौड़ाई 1,790 मिमी है। कार की हाइट जहां 1,650 मिमी है, वहीं कंपनी ने इसका बूट स्पेस 458 लीटर रखा है जो इस श्रेणी में सबसे ज्यादा है।
आक्रामक चेहरा और धांसू लुक
नई होंडा एलिवेट का चेहरा काफी आक्रामक है जो पैसे हेडलैंप्स के साथ आता है। पूरी तरह एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप्स के साथ एलईडी डीआरएल और एलईडी टर्न इंडिकेटर्स अगले हिस्से में मिले हैं। एसयूवी के पिछले हिस्से में एलईडी टेललैंप्स दिए गए हैं, इसके अलावा 2-टोन फिनिश वाले डायमंड कट अलॉय व्हील्स काफी अच्छे दिख रहे हैं। एलिवेट सिंगल और डुअल-टोन कलर्स में उपलब्ध कराई गई है और ग्राहकों को फीनिक्स ऑरेंज पर्ल, ऑब्सिडियन ब्लू पर्ल, रेडिएंट रेड मैटेलिक, प्लैटिनम व्हाइट पर्ल, गोल्डन ब्राउन मैटेलिक, लूनर सिल्वर मैटेलिक और मीटियोराइड ग्रे मैटेलिक रंगों के विकल्प मिलेंगे।
फीचर्स और सेफ्टी में जबरदस्त
होंडा एलिवेट के केबिन में खूब सारी जगह देने के अलावा कंपनी ने 7-इंच फुल कलर टीएफटी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 10.25-इंच एलसीडी टचस्क्रीन डिस्प्ले और वायरलेस फोन चार्जर जैसे फीचर्स दिए हैं। इसके अलावा बेहतरीन क्वालिटी का केबिन मटेरियल और कनेक्टेड कार तकनीक भी मिली है। सेफ्टी की बात करें तो कार के साथ कई एक्टिव और पेसिव तकनीक दी गई हैं जिनमें एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम यानी एडीएएस शामिल है। यहां 6 एयरबैग्स, लेनवॉच कैमरा, व्हीकल स्टेबिलिटी असिस्ट के साथ एजाइल हैंडलिंग असिस्ट, हिल स्टार्ट असिस्ट, इमरजेंसी स्टॉप सिग्नल, मल्टी एंगल रियर व्यू कैमरा, रियर पार्किंग सेंसर्स और कई अन्य फीचर्स एसयूवी को मिले हैं।
