Car Sale: सोमवार (22 सितंबर 2025) से लागू हुई जीएसटी दरों में कटौती के चलते कारों की कीमतों में आई गिरावट का असर देशभर में देखने को मिला। वाहन शोरूमों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। संयोग से यह दिन नवरात्रि के पहले दिन के साथ पड़ा, जिससे वाहन खरीद में जबरदस्त तेजी आई। मारुति सुजुकी और हुंडई मोटर इंडिया जैसी प्रमुख कंपनियों ने एक दिन की बिक्री का नया रिकॉर्ड बनाया। ग्राहक नई कीमतों से उत्साहित हैं और ऊंची कैटगरी की कारों की ओर रुझान बढ़ा है।
जीएसटी रेट कट के पहले दिन कारों की जबरदस्त बिक्री (तस्वीर-istock)
मारुति सुजुकी ने पार किया 30,000 बिक्री का आंकड़ा
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक मारुति सुजुकी इंडिया ने बताया कि सोमवार को उसकी खुदरा बिक्री शाम तक ही 25,000 इकाइयों को पार कर गई थी और दिन के अंत तक यह आंकड़ा 30,000 से अधिक पहुंचने का अनुमान है। कंपनी के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी पार्थो बनर्जी ने बताया कि डीलरशिप पर करीब 80,000 ग्राहकों ने पूछताछ की। छोटे मॉडल की बुकिंग में 50% की वृद्धि दर्ज की गई है।
हुंडई मोटर इंडिया ने बनाया पांच वर्षों का रिकॉर्ड
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक हुंडई मोटर इंडिया के मुख्य परिचालन अधिकारी तरुण गर्ग ने कहा कि सोमवार को ही कंपनी ने 11,000 से अधिक वाहन बेचे, जो पिछले पांच वर्षों में एक दिन में सबसे अधिक बिक्री है। उन्होंने बताया कि नवरात्रि की शुरुआत और जीएसटी दरों में कटौती से बाजार में सकारात्मक ऊर्जा आई है।
छोटी कारों पर जीएसटी में बड़ी राहत
सरकार ने 1200 सीसी तक की पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, हाइब्रिड और एलपीजी कारों पर जीएसटी दर को 28% से घटाकर 18% कर दिया है। इससे इन कारों की कीमतों में 40,000 से 1.2 लाख रुपये तक की गिरावट आई है, जिससे ग्राहक वर्ग में जबरदस्त उत्साह देखा गया।
ग्राहक अब ऊंची कैटेगरी की कारों की ओर आकर्षित
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक फाडा (FADA) अध्यक्ष सी एस विग्नेश्वर ने बताया कि पिछले कुछ हफ्तों से ग्राहकों की पूछताछ बढ़ रही थी और नवरात्रि के पहले दिन बिक्री में बड़ा उछाल देखा गया। उन्होंने यह भी कहा कि कीमतों में कटौती के बाद कई ग्राहक अब ऊंची श्रेणी की कारें खरीदने की योजना बना रहे हैं।
कार्स24 की डिलिवरी में 400% की बढ़ोतरी
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक पुराने वाहनों के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म Cars24 ने कहा कि नवरात्रि के पहले दिन दोपहर तक उसकी कार डिलिवरी में 400% की रिकॉर्ड वृद्धि देखी गई। सबसे अधिक बिक्री दिल्ली-एनसीआर में हुई, जिसके बाद अहमदाबाद, बेंगलुरु, पुणे और मुंबई रहे।
उद्योग के लिए दीर्घकालिक लाभकारी फैसला
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक सियाम (SIAM) के महासचिव राजेश मेनन ने कहा कि जीएसटी दरों में कटौती से ग्राहकों में उत्साह बढ़ेगा और इससे पूरे ऑटोमोबाइल उद्योग को नई रफ्तार मिलेगी। वहीं, होंडा कार्स इंडिया ने भी दिसंबर तक विशेष मूल्य निर्धारण की घोषणा की है।
