किआ इंडिया अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी Syros EV पेश करने के बाद अब भारतीय बाजार में अपनी नई फ्लैगशिप Kia Sorento Hybrid SUV लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो यह नई 7-सीटर हाइब्रिड SUV इस साल सितंबर-अक्टूबर तक भारतीय बाजार में दस्तक दे सकती है।
Kia Sorento Hybrid SUV जल्द लेगी भारत में एंट्री
रिपोर्टस की मानें तो देश के कुछ चुनिंदा Kia डीलरशिप्स पर इस SUV की अनऑफिशियल बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी इसकी लॉन्च डेट और कीमत को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
हाइब्रिड और डीजल इंजन दोनों का मिलेगा विकल्प
रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत में Kia Sorento को हाइब्रिड और डीजल दोनों पावरट्रेन विकल्पों के साथ पेश किया जा सकता है। ग्लोबल मार्केट में यह SUV 1.6-लीटर टर्बो GDi पेट्रोल हाइब्रिड इंजन और 2.2-लीटर CRDi टर्बो डीजल इंजन के साथ उपलब्ध है। इनमें 6-स्पीड ऑटोमैटिक और 8-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है। साथ ही फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) दोनों विकल्प भी उपलब्ध हैं।
हालांकि, भारतीय बाजार के लिए कुछ बदलाव किए जा सकते हैं। इंडिया-स्पेक Sorento में नया 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन दिया जा सकता है।
वहीं डीजल वेरिएंट में 2.0-लीटर टर्बो डीजल इंजन मिलने की उम्मीद है, जो पहले Hyundai Tucson में दिया जाता था।
साइज भी होगा बड़ा
ग्लोबल मॉडल की बात करें तो Kia Sorento की लंबाई 4,815 मिमी, चौड़ाई 1,900 मिमी और ऊंचाई 1,700 मिमी है। इसका व्हीलबेस 2,815 मिमी है। अगर इसकी तुलना Mahindra XUV 7XO से करें तो Sorento लगभग 120 मिमी लंबी, 10 मिमी चौड़ी और 55 मिमी नीची है। वहीं इसका व्हीलबेस भी XUV 7XO से करीब 65 मिमी ज्यादा है, जिससे केबिन में बेहतर स्पेस मिलने की उम्मीद है।
6 और 7-सीटर दोनों विकल्प
नई Kia Sorento को 6-सीटर और 7-सीटर दोनों लेआउट में पेश किया जा सकता है। 6-सीटर मॉडल में दूसरी पंक्ति में कैप्टन सीट्स मिलेंगी, जबकि 7-सीटर वेरिएंट में बेंच सीट दी जाएगी। इंटीरियर की बात करें तो इसका केबिन ग्लोबल मॉडल जैसा ही हो सकता है। इसमें 12.3-इंच के दो पैनोरमिक कर्व्ड डिस्प्ले दिए जाने की संभावना है, जिनमें एक इंफोटेनमेंट सिस्टम और दूसरा डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर होगा।
फीचर्स होंगे बेहद प्रीमियम
Kia Sorento में कई प्रीमियम और आधुनिक फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इसमें वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, बिल्ट-इन नेविगेशन, वायरलेस फोन चार्जर, Bose साउंड सिस्टम, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, हेड-अप डिस्प्ले (HUD), टेरेन मोड्स और कई कनेक्टेड कार फीचर्स दिए जा सकते हैं।
सेफ्टी में भी होगी दमदार
सुरक्षा के लिहाज से भी Kia Sorento काफी मजबूत होगी। इसमें मल्टीपल एयरबैग्स, ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), व्हीकल स्टेबिलिटी मैनेजमेंट, हिल स्टार्ट असिस्ट, हिल डिसेंट कंट्रोल, 360-डिग्री सराउंड व्यू कैमरा और लेवल-2 ADAS जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स मिलने की संभावना है।
