BYD Seal Launch Tomorrow: बीवायडी इंडिया 5 मार्च को अपनी पहली इलेक्ट्रिक सेडान लॉन्च करने वाली है जिसका नाम सील रखा गया है। लुक के मामले में ये जोरदार है और इसे टेस्ला की नकल कहना गलत नहीं होगा। कंपनी ने ऑटो एक्सपो 2023 में पहली बार भारतीय मार्केट के लिए इस ईवी को शोकेस किया था, इसके अक्टूबर 2023 में ही लॉन्च करने का टार्गेट लेकर कंपनी चल रही थी। हालांकि अब इसकी बिक्री कुछ देरी से, लेकिन जल्द शुरू होने वाली है। ये कंपनी का भारत में तीसरा बॉडी टाइप होगा जिसे ई6 एमपीवी और एट्टो 3 एसयूवी के बाद लॉन्च किया जा रहा है। जानकारी मिली है कि ये कंपनी की देश में सबसे महंगी कार होने वाली है।
लुक के मामले में ये जोरदार है और इसे टेस्ला की नकल कहना गलत नहीं होगा।
570 किमी तक मिलेगी रेंज
बीवायडी सील का मुकाबला विदेशी मार्केट में बीएमडब्ल्यू आई4 और टेस्ला मॉडल 3 के साथ होता है। ये एक चार दरवाजों वाली सेडान है जो लुक में जोरदार और केबिन के मामले में आरामदायक है। इसमें 82.4 किलोवाट-आर बैटरी पैक दिया गया है जो सिंगल चार्ज में 570 किमी तक रेंज देता है। रियर व्हील ड्राइव वेरिएंट में 308 बीएचपी ताकत और 360 एनएम पीक टॉर्क मिलता है। 4-व्हील ड्राइव वेरिएंट को सिंगल चार्ज में 520 किमी तक चलाया जा सकता है, वहीं इसकी ताकत 523 बीएचपी ताकत और 670 एनएम पीक टॉर्क बनाता है।
कितनी होगी इसकी कीमत
भारतीय मार्केट में इस कार को पूरी तरह आयात कर बेचा जाएगा, ये कार 150 किलोवाट डीसी फास्ट चार्जिंग और 7 किलोवाट एसी चार्जिंग सपोर्ट करती है। अनुमान है कि भारत में इस इलेक्ट्रिक सेडान की एक्सशोरूम कीमत करीब 50 लाख रुपये होगी। बीवायडी ने सबसे बड़ी खबर ग्राहकों को ये दी है कि 30 अप्रैल से पहले इस कार की बुकिंग करने वालों का एक कॉन्टेस्ट होगा। इस कॉन्टेस्ट में जीतने वालों को यूएफा यूरो 2024 का एक मैच देखने को मिलेगा। इसके लिए फ्लाइट टिकेट और मैच की टिकट मुफ्त दी जाएगी, विजाताओं के नाम की घोषणा मई 2024 में की जाएगी।
