BMW i5 M60 xDrive Launched In India: बीएमडब्ल्यू इंडिया ने नई आई5 लॉन्च कर दी है जिसकी एक्सशोरूम कीमत 1.20 करोड़ रुपये है। इस कार को कंपनी ने पूरी तरह आयात कर भारतीय मार्केट में बेचना शुरू किया है और फिलहाल इसका सिर्फ टॉप मॉडल एम60 एक्सड्राइव पेश किया गया है। ये एक इलेक्ट्रिक सेडान है जिसे साथ अब बीएमडब्ल्यू की कुल 5 इलेक्ट्रिक कारें देश में बेची जा रही हैं। इस लग्जरी कार के साथ 83.9 किलोवाट-आर बैटरी पैक दिया गया है जो सिंगल चार्ज में इसे 516 किमी तक रेंज देता है। यानी एक बार फुल चार्ज करने पर आप इसे लेकर दिल्ली से मनाली जा सकते हैं।
कार के साथ 83.9 kWh बैटरी पैक दिया गया है जो सिंगल चार्ज में इसे 516 किमी तक रेंज देता है।
तेज रफ्तार भी है कार
बीएमडब्ल्यू आई5 ईवी के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर दी गई हैं जो दोनों एक्सेल पर लगी हुई हैं। इनकी कुल ताकत 601 एचपी और 795 एनएम पीक टॉर्क होती है। कंपनी का दावा है कि सिर्फ 3.8 सेकंड में ही ये 0-100 किमी/घंटा रफ्तार पकड़ लेती है, वहीं इसकी टॉप स्पीड 230 किमी/घंटा है। इसके साथ 11 किलोवाट वॉल चार्जर मुफ्त मिलता है, वहीं 22 किलोवाट एसी चार्जर विकल्प में है। कंपनी का दावा है कि ये 205 किलोवाट डीसी चार्जिंग क्षमता वाली है और सिर्फ 30 मिनट में ही 10-80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है।
लुक और फीचर्स जोरदार
दिखने में बीएमडब्ल्यू की आई5 एम60 एक्सड्राइव बहुत जोरदार है जिसे क्लासिक किडनी ग्रिल, हेडलैंप्स के साथ एलईडी डीआरएल, आकर्षक बंपर और बड़े इंटेक्स, नए 20-इंच के अलॉय व्हील्स, एलईडी टेललैंप्स जैसे कई स्टाइलिंग एलिमेंट्स मिले हैं। इंटीरियर पर नजर डालें तो यहां 12.3-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 14.9-इंच इंफोटेनमेंट स्क्रीन, 15 कलर वाला एंबिएंट लाइटिंग सिस्टम और ऐसे ही कई फीचर्स दिए गए हैं। कार को स्पोर्ट्स सीट्स के साथ एक्टिव कूलिंग फंक्शन, डार्क रूफ लाइटिंग, बोवेर्स एंड विल्किन्स ऑडियो सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, 4 जोन क्लाइमेट कंट्रोल और 360 डिग्री कैमरा भी दिया गया है।
