भारत में पिछले एक दो साल में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन ये गाड़ियां बहुत कम आवाज करती हैं, जिसकी वजह से सड़क सुरक्षा एक बड़ा कंसर्न बन चुका है। इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) की तरफ से एक बड़ा फैसला लिया गया है। इस संबंध में मंत्रालय ने एक ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि 1 अक्टूबर 2026 के बाद लॉन्च होने वाली हर नई इलेक्ट्रिक गाड़ी में AVAS यानी Acoustic Vehicle Alert System लगाना अनिवार्य है। इसके अलावा, जो इलेक्ट्रिक पैसेंजर और कमर्शियल गाड़ियां अभी बिक रही हैं, उन्हें 1 अक्टूबर 2027 तक वाहन निर्माता कंपनी को अपग्रेड करना जरूरी होगा।
सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने AVAS सिस्टम किया अनिवार्य।(फोटो क्रेडिट-iSTock)
AVAS सिस्टम क्यों आवश्यक है?
इलेक्ट्रिक कारें पेट्रोल और डीजल गाड़ियों की तुलना में बहुत शांत चलती हैं, खासकर जब उनकी स्पीड कम होती है। यही खामोशी कई बार पैदल चलने वाले लोगों, साइकिल सवारों और दोपहिया चालकों के लिए खतरा बन जाती है, क्योंकि उन्हें गाड़ी आते हुए पता ही नहीं चलता। इस कारण कम स्पीड पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
AVAS इसी समस्या को कम करने वाला सिस्टम है। जब गाड़ी 20 किमी/घंटा से कम स्पीड पर चलती है या रिवर्स होती है, तो यह सिस्टम एक कृत्रिम (AI आधारित) आवाज़ पैदा करता है, जिसे आसपास के लोग आसानी से सुन सकें। जैसे ही वाहन की स्पीड बढ़ती है, यह आवाज अपने आप बंद हो जाती है।
किन वाहनों में लागू होगा नया नियम?
सरकार का यह नियम M और N कैटेगरी के इलेक्ट्रिक वाहनों पर लागू किया जाएगा। अगर आपको नहीं मालूम है तो बता दें कि M कैटेगरी में इलेक्ट्रिक कारें, वैन, बसें और दूसरे पैसेंजर वाहन आते हैं। N कैटेगरी में इलेक्ट्रिक ट्रक और सामान ढोने वाले वाहन शामिल हैं।
सरकार के इस नोटिफिकेशन का मतलब है कि आने वाले समय में सभी छोटी-बड़ी इलेक्ट्रिक SUVs, कारें और कमर्शियल EVs में AVAS लगाना जरूरी हो जाएगा। फिलहाल इलेक्ट्रिक स्कूटर, ई-रिक्शा और थ्री-व्हीलर इस नियम में शामिल नहीं किए गए हैं।
AVAS इन इलेक्ट्रिक कारों में पहले से मिलता है ?
भारत में कुछ नई इलेक्ट्रिक कारें पहले से ही AVAS तकनीक के साथ आ चुकी हैं। इनमें MG Comet, Tata Curvv EV, Hyundai Creta Electric, Mahindra XEV 9e और Mahindra BE 6 जैसे मॉडल शामिल हैं। इन गाड़ियों में लगा AVAS सिस्टम पैदल चलने वालों को समय पर गाड़ी के आने की जानकारी देता है, जिससे हादसा होने का खतरा काफी कम हो जाता है।
