SSC GD Constable Result 2020: Staff Selection Commission (SSC) ने दिल्ली पुलिस परीक्षा, 2020 में कांस्टेबल (कार्यकारी) पुरुष और महिला के अंतिम परिणाम पर एक जरूरी नोटिस जारी किया है। इसमें बताया गया कि आयोग को कई ऐसे उम्मीदवारों के आरटीआई आवेदन और शिकायतें मिली हैं, जिनके रिजल्ट रोके गए हैं। एसएससी ने ऐसे उम्मीदवारों को आश्वासन देते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही उनकी स्थिति के बारे में अपडेट दिया जाएगा।

बता दें कि आयोग ने 15 दिसंबर 2021 को दिल्ली पुलिस परीक्षा, 2020 भर्ती के रिजल्ट जारी किए थे। जिनमें से 625 उम्मीदवारों के परिणाम अनुचित साधनों के संदिग्ध उपयोग के कारण रोक दिए गए थे। तभी से उम्मीदवार अपने स्टेटस को जानने के लिए बेचैन हैं। लिहाजा आयोग की ओर से जारी नए नोटिस से उन्हें तसल्ली मिल सकती है।
जानें कितने उम्मीदवारों को हुआ था चयन
कर्मचारी चयन आयोग ने 15 दिसंबर 2021 को कंप्यूटर आधारित परीक्षा का परिणाम घोषित किया, जिसमें 67740 उम्मीदवारों को शारीरिक और मापन परीक्षण (पीई एंड एमटी) और दस्तावेज़ सत्यापन के लिए चुना गया था। अंतिम परिणाम में, दिल्ली पुलिस परीक्षा, 2020 में कांस्टेबल (कार्यकारी) पुरुष और महिला के पद पर नियुक्ति के लिए कुल 5690 उम्मीदवारों का चयन किया गया था।
आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेगी जानकारी
आयोग ने उम्मीदवारों को सूचित करते हुए कहा कि जिन उम्मीदवारों के परिणाम रोके गए हैं उन्हें जल्द ही उनकी स्थिति के बारे में बताया जाएगा। मामलों की जांच की जा रही है। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट ssc.nic.in पर विजिट कर जारी नोटिस चेक कर सकते हैं।
